Page Loader
दिल्ली: भाजपा ने किया एग्जिट पोल्स को खारिज, कहा- 11 फरवरी को बनेगी हमारी सरकार

दिल्ली: भाजपा ने किया एग्जिट पोल्स को खारिज, कहा- 11 फरवरी को बनेगी हमारी सरकार

Feb 09, 2020
11:03 am

क्या है खबर?

दिल्ली विधानसभा चुनाव के सभी एग्जिट पोल्स में आम आदमी पार्टी (AAP) को प्रचंड बहुमत दिया गया है। ज्यादातर एग्जिट पोल्स में AAP को कम से कम 50 सीटें दी गई हैं। भाजपा का हाल बुरा है और कई एग्जिट पोल्स में उसका दोहरे अंकों में पहुंचना भी मुश्किल नजर आ रहा है। हालांकि भाजपा ने इन एग्जिट पोल्स को खारिज किया है और 11 फरवरी के नतीजों का इंतजार करने की बात कही है।

जानकारी

कैसा रहा वोटिंग प्रतिशत?

वोटिंग के दौरान दोपहर तक वोटर्स का उत्साह कम रहा लेकिन शाम को वोटिंग प्रतिशत में बड़ी वृद्धि देखने को मिली। चुनाव आयोग के अनुसार, सभी 70 सीटों पर 61.7 प्रतिशत वोटिंग हुई, जो पिछली बार 67 प्रतिशत के मुकाबले कम है।

एग्जिट पोल्स

क्या रहा सभी चैनलों के एग्जिट पोल्स का हाल?

अगर अलग-अलग चैनलों के एग्जिट पोल्स की बात करें तो इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने AAP को 59-68 और भाजपा को 2-11 सीटें दी हैं। वहीं टाइम्स नाउ-इप्सोस ने AAP को 47 और भाजपा को 23 सीटें दी हैं। रिपब्लिक टीवी-जन की बात ने AAP को 48-61 सीटें और भाजपा को 9-21 सीटें, एबीपी न्यूज-सी वोटर ने AAP को 51-65 और भाजपा को 3-17 और टीवी9 भारतवर्ष-सिसरो ने AAP को 52-64 और भाजपा को 6-16 सीटें दी हैं।

जानकारी

कांग्रेस फिर से जीरो

कांग्रेस का हाल इस बार भी बेहद बुरा है और पिछली बार की तरह उसका खाता खुलना मुश्किल नजर आ रहा है। ज्यादातर एग्जिट पोल्स में उसको जीरो या एक सीट दी गई है।

बैठकें

एग्जिट पोल्स के बाद AAP और भाजपा ने बुलाई बैठक

एग्जिट पोल्स आने के बाद AAP और भाजपा दोनों ने बैठक बुलाई। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हुई AAP की बैठक के बाद EVM की सुरक्षा करने का फैसला लिया गया। वहीं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी सांसदों और तमाम बड़े नेताओं की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, हरदीप सिंह पुरी और नित्यानंद राय भी शामिल हुए। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी भी इस बैठक में शामिल हुए।

बयान

जावड़ेकर और मनोज तिवारी बोले, 11 फरवरी को बनेगी भाजपा की सरकार

भाजपा की बैठक के बाद केंद्रीय प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि उनकी पार्टी "एग्जेक्ट पोल्स" का इंतजार करेगी और भाजपा सरकार बनाने जा रही है। समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा, "एग्जिट पोल्स और अंतिम नतीजों में एक बड़ा अंतर होगा। मई के चुनावों में भी एग्जिक्ट पोल्स गलत साबित हो चुके हैं।" वहीं मनोज तिवारी ने कहा कि सभी एग्जिट पोल्स फेल होंगे और भाजपा 48 सीटों के साथ सरकार बनाएगी।

2015 दिल्ली विधानसभा चुनाव

क्या रहा था पिछले विधानसभा चुनाव का नतीजा?

अगर 2015 दिल्ली विधानसभा चुनाव की बात करें तो AAP को 70 में से 67 सीटें आई थीं, जबकि बाकी की तीन सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। कांग्रेस अपना खाता खोलने में भी नाकाम रही थी। अगर वोट प्रतिशत की बात करें तो इसमें 67.08 प्रतिशत वोटिंग हुई हुई थी। इसमें से AAP को 54.34 प्रतिशत, भाजपा को 32.19 प्रतिशत और कांग्रेस को 9.65 प्रतिशत वोट मिले थे।