LOADING...
पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने DGP और पुलिस आयुक्त को हटाया
पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने DGP और कोलकाता पुलिस आयुक्त हटाया (फाइल तस्वीर)

पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने DGP और पुलिस आयुक्त को हटाया

लेखन गजेंद्र
Mar 16, 2026
01:11 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बड़ा झटका दिया है। उसने राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) और कोलकाता के पुलिस आयुक्त समेत कई प्रशासनिक अधिकािरियों का तबादला किया है। अब राज्य के नए DGP पीयूष पांडे की जगह सिद्धनाथ गुप्ता हैं और कोलकाता पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार की जगह अजय कुमार नंद हैं। बता दें कि एक दिन पहले ही बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा हुई है।

फैसला

चुनाव संबंधी कार्य से बाहर रहेंगे अधिकारी

चुनाव आयोग ने एक बयान में कहा कि राज्य में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के बाद अधिकारियों को हटाने का निर्णय लिया गया है। आयोग ने नटराजन रमेश बाबू को सुधार सेवाओं का महानिदेशक, अजय मुकुंद रानाडे को अतिरिक्त महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) के रूप में तैनाती दी है। आयोग ने यह भी कहा कि जिन लोगों का तबादला किया गया है, उनको चुनाव पूर्ण होने तक किसी भी चुनाव संबंधी कार्य में तैनात नहीं किया जाना चाहिए।

आलोचना

राज्य सरकार से रिपोर्ट देने को कहा, आलोचना शुरू

आयोग ने राज्य सरकार से आदेश को तुरंत लागू करने और सोमवार को दोपहर 3 बजे तक अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। आयोग के इस फैसले की आलोचना शुरू हो गई है। तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद ने कहा कि आयोग ने अपने आकाओं (केंद्र सरकार) को खुश करने के लिए यह कदम उठाया है, लेकिन वह ममता बनर्जी को राज्य की जनता के दिलों से नहीं निकाल सकते।

Advertisement