LOADING...
पश्चिम बंगाल के फाल्टा में 21 मई को होगा पुनर्मतदान, चुनाव आयोग ने दिए आदेश
पश्चिम बंगाल के फाल्टा में सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को होगा पुनर्मतदान

पश्चिम बंगाल के फाल्टा में 21 मई को होगा पुनर्मतदान, चुनाव आयोग ने दिए आदेश

May 02, 2026
10:51 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के 15 बूथों पर शनिवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान हुआ। इसमें लगभग 90 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस दौरान फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने पुनर्मतदान की मांग को लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद शाम को चुनाव आयोग ने फाल्टा के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को दोबारा से मतदान कराने का आदेश दे दिया।

परिणाम

24 मई को घोषित किया जाएगा फाल्टा का परिणाम

दरअसल, 15 बूथों पर पुर्नमतदान के दौरान फाल्टा में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए, जहां स्थानीय लोगों ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं से धमकियां मिलने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए विभिन्न वीडियो में प्रदर्शनकारी सुरक्षाकर्मियों से तीखी बहस करते नजर आए। इसके बाद आयोग ने क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराने और 24 मई को उसके परिणाम घोषित करने का आदेश दिया है।

आदेश

आयोग ने आदेश में क्या कहा?

आयोग का कहना है कि मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। इस फैसले के बाद प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई है। आयोग के आदेश के मुताबिक, फाल्टा में होने वाले दोबारा मतदान में सहायक मतदान केंद्र भी शामिल रहेंगे। पूरी प्रक्रिया एकसाथ होगी ताकि हर मतदान केंद्र पर एक जैसा माहौल बना रहे और किसी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। इन केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।

Advertisement

जानकारी

इन केंद्रों पर हुआ पुनर्मतदान

पश्चिम बंगाल में शनिवार को जिन 15 बूथों पर पुनर्मतदान हुआ था, उनमें 4 बूथ बूथ डायमंड हार्बर और 11 मगरहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के हैं। आयोग ने रिटर्निंग अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर पुर्नमतदान का फैसला किया था।

Advertisement