LOADING...
विधानसभा चुनाव के मतगणना केंद्रों पर रहेगी 3 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, जारी होगा QR कोड पहचानपत्र
चुनाव आयोग ने मतगणना केंद्रों पर 3 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की (प्रतीकात्मक तस्वीर)

विधानसभा चुनाव के मतगणना केंद्रों पर रहेगी 3 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, जारी होगा QR कोड पहचानपत्र

लेखन गजेंद्र
Apr 30, 2026
05:10 pm

क्या है खबर?

चुनाव आयोग ने 4 राज्यों और एक केंद्रीय शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के बाद मतगणना के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। आयोग ने गुरुवार को पत्र जारी कर बताया कि मतगणना केंद्र पर किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश को खत्म करने के लिए 3 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतगणना केंद्र के लिए अधिकृत लोगों को QR कोड युक्त पहचानपत्र दिया जाएगा। यह व्यवस्था भविष्य में होने वाले चुनावों में अभी लागू की जाएगी।

सुरक्षा

कैसी होगी 3 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था?

आयोग ने बताया कि उसने ECINET पर QR कोड आधारित फोटो युक्त पहचापत्र मॉड्यूल शुरू किया है। असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी की विधानसभाओं में मतगणना केंद्र पर 4 मई को पहचान सत्यापन के लिए 3 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। पहले-दूसरे स्तर पर रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी किए गए फोटो पहचानपत्र को हाथ से चेक किया जाएगा। मतगणना हॉल के पास तीसरे स्तर पर QR कोड स्कैनिंग से सफल सत्यापन होने के बाद प्रवेश दिया जाएगा।

सुरक्षा

इन लोगों को मिलेगा QR कोड पहचानपत्र

नए QR कोड फोटो पहचानपत्र मतगणना केंद्रों और हॉल में प्रवेश करने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, मतगणना कर्मचारी, तकनीकी कर्मचारी, उम्मीदवार, चुनाव एजेंट और मतगणना एजेंट को मिलेगा। इससे पहले बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) को मानकीकृत QR कोड आधारित फोटो पहचानपत्र दिया गया था। जिला चुनाव अधिकारियों और रिटर्निंग अधिकारियों को व्यवस्था को ठीक से लागू करने को कहा गया है। मीडियाकर्मियों के लिए अलग से मीडिया सेंटर बनाया जाएगा।

Advertisement