Page Loader
हरियाणा विधानसभा चुनाव में दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन, जानिए कितनी सीटों पर लड़ेंगे
हरियाणा विधानसभा चुनाव में दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी में गठबंधन

हरियाणा विधानसभा चुनाव में दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन, जानिए कितनी सीटों पर लड़ेंगे

लेखन गजेंद्र
Aug 27, 2024
03:55 pm

क्या है खबर?

हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद राजनीतिक पार्टियां रणनीति बनाने में जुट गई हैं। मंगलवार को दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (JJP) और चंद्रशेखर आजाद (रावण) की आजाद समाज पार्टी (ASP) के बीच गंठबंधन का औपचारिक ऐलान कर दिया गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री चौटाला और लोकसभा सांसद आजाद ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। आजाद ने बताया कि दोनों पार्टियों के बीच काफी समय से चर्चा चल रही थी।

गठबंधन

कितनी सीटों पर लड़ेंगी दोनों पार्टियां?

हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर दोनों पार्टियों का गठबंधन हुआ है। JJP 70 सीटों पर और ASP 20 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इससे पहले हरियाणा में मायावती की बहुजन समाज पार्टी (BSP) और अभय चौटाला की इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) ने गठबंधन का ऐलान किया था। भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। कांग्रेस के समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी से गठबंधन के कयास लग रहे हैं।

चुनाव

हरियाणा में 1 अक्टूबर को होगा सभी 90 सीटों पर चुनाव

हरियाणा में 1 अक्टूबर को सभी 90 सीटों पर एक चरण में ही मतदान होगा। चुनाव के परिणाम 4 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। हरियाणा की 90 सीटों में 73 सामान्य और 17 आरक्षित सीटें हैं। यहां 20,629 पोलिंग बूथ होंगे और 150 मॉडल पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। हरियाणा में भाजपा के पास 41, कांग्रेस के पास 29, JJP के पास 10 और INLD और HLP के पास एक-एक विधायक हैं। 5 निर्दलीय विधायक हैं और 3 सीटें खाली हैं।