LOADING...
INDIA गठबंधन की दिल्ली बैठक से स्टालिन ने किया किनारा, पहली बार ममता बनर्जी करेंगी शिरकत
NDIA गठबंधन की दिल्ली बैठक से एमके स्टालिन ने किया किनारा

INDIA गठबंधन की दिल्ली बैठक से स्टालिन ने किया किनारा, पहली बार ममता बनर्जी करेंगी शिरकत

लेखन गजेंद्र
Jun 04, 2026
07:06 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन में दरार और जुड़ाव साथ दिख रहा है। न्यूज18 के मुताबिक, दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में INDIA गठबंधन के नेता विपक्षी एकता को प्रदर्शित करने के प्रयास में 8 जून को मिलने वाले हैं, लेकिन इससे एमके स्टालिन की द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने दूरी बना ली है। हालांकि, गठबंधन की बैठकों से अक्सर दूरी बनाने वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख ममता बनर्जी बैठक में शामिल हो सकती हैं।

बैठक

17 विपक्षी दलों के नेता होंगे शामिल

रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में 17 विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं के भाग लेने की उम्मीद है। सभी संसद के अंदर और बाहर की रणनीति पर चर्चा करेंगे। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव और शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे बैठक में शामिल होने दिल्ली आएंगे। आम आदमी पार्टी से अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह बैठक में आ सकते हैं।

चुनाव

चुनाव से दरार और जुड़ाव

हाल में हुए विधानसभा चुनाव से INDIA गठबंधन में दरार और जुड़ाव दिख रहा है। दरअसल, तमिलनाडु में कांग्रेस DMK से संबंध तोड़कर तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) के साथ सरकार में शामिल हो गई है, जिससे स्टालिन नाराज हैं। पश्चिम बंगाल में यही चुनाव ममता को INDIA गठबंधन के करीब लाया है। ममता ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है। उनकी पार्टी पर बगावत का खतरा मंडरा रहा है। बैठक में ममता और अभिषेक बनर्जी दोनों शामिल होंगे।

Advertisement

रणनीति

चुनाव बाद दिखने लगी थी दूरी और नजदीकी

DMK और TMC की INDIA गठबंधन के प्रति दूरी और नजदीकी विधानसभा चुनाव के बाद दिखने लगी थी। जहां, DMK की लोकसभा नेता के कनिमोझी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर लोकसभा में अपनी पार्टी के सांसदों की बेंच कांग्रेस की बेंचों से अलग कर बैठने की अलग व्यवस्था की मांग की थी। वहीं, ममता ने चुनाव में हार के बाद कहा था कि वह INDIA गठबंधन के लिए एक कार्यकर्ता की तरह काम करेंगी।

Advertisement

बैठक

अचानक क्यों बुलाई गई बैठक?

पश्चिमी एशिया में संघर्ष के कारण ईंधन संकट, पेट्रोल-गैस के दाम बढ़ोतरी, NEET पेपर लीक, महंगाई और CBSE में घोटाला जैसे मुद्दे के बीच संसद का मानसून सत्र जुलाई के दूसरे सप्ताह में शुरू होने वाला है। ऐसे में विपक्षी किसी भी मुद्दे पर सरकार को छोड़ना नहीं चाहती। इसी उद्देश्य से INDIA ने बड़ी बैठक बुलाई है। खबर आई है कि सरकार परिसीमन विधेयक से जुड़ा प्रस्ताव फिर ला सकती है, जिसको लेकर विपक्ष का एकजुट होना जरूरी है।

जानकारी

क्या TVK भी INDIA गठबंधन में शामिल होगी?

तमिलनाडु में कांग्रेस, वामपंथी दलों और समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर सरकार बनाने वाली थलापति विजय की तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को भी INDIA गठबंधन में शामिल करने की योजना है, जिसके लिए राहुल गांधी प्रयास में जुटे हुए हैं।

Advertisement