राहुल गांधी के प्रदर्शन के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आया बयान, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रदर्शन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बयान आया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि राहुल और कांग्रेस पार्टी संसद सत्र में हंगामा करने के लिए छात्रों का राजनीतिक हथियार के तौर पर बेशर्मी से इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने लिखा कि राहुल के प्रदर्शन से आम जनता को परेशानी हुई और सुरक्षा के तय नियमों की अनदेखी की गई है।
बयान
राजनीतिक सुर्खियां बटोरने के लिए हंगामा
प्रधान ने लिखा, 'राहुल गांधी और कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के आवास के बाहर धरना देने का रास्ता चुना, जिससे आम जनता को परेशानी हुई और सुरक्षा के तय नियमों की अनदेखी की गई। सरकार द्वारा विस्तृत चर्चा के लिए तैयार होने के बाद भी, कांग्रेस ने लोकतांत्रिक बहस के बजाय राजनीतिक तमाशा खड़ा करना चुना। उनका मकसद कभी भी छात्रों के लिए समाधान खोजना नहीं था, बल्कि राजनीतिक सुर्खियां बटोरने के लिए हंगामा करना था।'
बयान
सरकार सब ठीक करने के लिए प्रतिबद्ध- प्रधान
प्रधान ने लिखा कि राहुल गांधी के लिए मामला छात्रों से जुड़ा नहीं बल्कि सही रास्ते खुले होने के बाद भी टकराव पैदा करने से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि सरकार NEET पर चर्चा करने, युवाओं की चिंताओं का समाधान करने को प्रतिबद्ध है। छात्र राजनीतिक मोहरा बनने के जगह बेहतर व्यवहार के हकदार हैं।
प्रधान ने कहा कि सरकार छात्रों को जवाब, सुधार और जवाबदेही देने के लिए जिम्मेदार हैं, सरकार ठीक यही सब करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिरासत
राहुल गांधी समेत कई सांसद हिरासत में लिए गए
राहुल गांधी ने मंगलवार शाम को कई सांसदों के साथ लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पर धरना दिया था।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह उनसे मिलने पहुंचे तो राहुल ने उनके सामने NEET पर चर्चा की मांग रखी। मांग माने जाने पर राहुल ने प्रधान के इस्तीफे समेत 4 और मांग उठाई।
इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर राहुल, अखिलेश यादव समेत कई सांसदों को हिरासत में लिया और छत्रसाल स्टेडियम ले गए। काफी देर बाद उनको छोड़ा गया।