छात्रों पर लाठीचार्ज का मुद्दा संसद में उठा, लोकसभा और राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित
क्या है खबर?
दिल्ली में सोमवार को संसद मार्च कर रहे युवा प्रदर्शकारियों पर पुलिस की लाठीचार्ज का मुद्दा मंगलवार को संसद के दोनों सदनों में उठाया गया। लोकसभा में सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने नारे लिखी तख्तियां दिखाना शुरू कर दिया और खूब नारेबाजी की। राज्यसभा में भी सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया।
सदन
मात्र 10 मिनट भी नहीं चली सदन
लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही शुरू की, लेकिन मात्र 5 मिनट के अंदर ही सभा को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
दोपहर 12 बजे पीठासीन संध्या राय ने कार्यवाही शुरू की और नारेबाजी के बीच कुछ प्रस्तावों को पेश करने की अनुमति दी, लेकिन मात्र 9 मिनट बाद कार्यवाही स्थगित कर दी।
दोपहर 2 बजे कार्यवाही शुरू हुई और एक मिनट बाद बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
हंगामा
खड़गे ने घटना को दुखद बताया
खड़गे ने राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही लाठीचार्ज और आंसू गैस का मुद्दा उठाया, जिस पर सत्ता पक्ष के सांसद हंगामा करने लगे।
इस बीच, सभापति सीपी राधाकृष्णन ने 4 मिनट बाद कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया।
दोपहर 12 बजे कार्यवाही फिर शुरू हुई, लेकिन मात्र एक मिनट बाद सभापति कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर चले गए।
दोपहर 2 बजे कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा होने पर कार्यवाही कल तक स्थगित कर दी गई।
ट्विटर पोस्ट
खड़गे के मुद्दा उठाते ही राज्यसभा स्थगित
हमारे देश के हजारों छात्र पेपर लीक के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
— Mallikarjun Kharge (@kharge) July 21, 2026
लेकिन इस सरकार ने उनके ऊपर लाठीचार्ज करवाया।
उन्हें मारा-पीटा गया और उनके ऊपर आंसू गैस के गोले दागे गए।
ये बहुत ही निंदनीय घटना है। pic.twitter.com/u2A5vH83ME
मांग
सदन में चर्चा की मांग
खड़गे ने एक्स पर लिखा कि न्याय की मांग कर रहे छात्रों की आवाज़ का जवाब देने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया गया, जो बेहद दुखद दिन है।
उन्होंने सरकार से तुरंत संसद में इस मुद्दे पर पूरी चर्चा की अनुमति देने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देने की मांग की है।
उन्होंने लिखा कि हमारे बच्चे न्याय के हकदार हैं, दमन के नहीं। खड़गे ने अपना जन्मदिन भी नहीं मनाया।
मुलाकात
राहुल गांधी लोकसभा स्पीकर से मिले
छात्रों पर हुई लाठीचार्ज के मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को विपक्ष के सांसदों के साथ लोकसभा स्पीकर बिरला से मुलाकात की।
राहुल गांध ने लिखा कि हमारी मांग सीधी है कि लाठीचार्ज और सरकार की गैर-ज़िम्मेदारी पर विस्तार से चर्चा होनी चाहिए।
राहुल ने कहा कि अगर संसद भारत के युवाओं के भविष्य पर चर्चा नहीं कर सकती, तो वह किस काम की? विपक्ष इसे दबने नहीं देगा।