Page Loader
दिल्ली में नहीं होगा AAP और कांग्रेस का गठबंधन, कांग्रेस ने किया इनकार

दिल्ली में नहीं होगा AAP और कांग्रेस का गठबंधन, कांग्रेस ने किया इनकार

Feb 14, 2019
04:20 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की महीनों पुरानी अटकलों को विराम देते हुए AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस ने गठबंधन के लिए मना कर दिया है। राज्यपाल बनाम दिल्ली सरकार के मामले में सुप्रीम कोर्ट का प्रतिकूल फैसला आने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने यह बात कही। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से सभी 7 सीटों पर AAP को जिताने की अपील की।

अरविंद केजरीवाल

हम गठबंधन के इच्छुक- केजरीवाल

अजय माकन के स्थान पर शीला दीक्षित को दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि AAP और कांग्रेस में गठबंधन हो सकता है। माकन AAP से गठबंधन के विरोधी थे। लेकिन AAP की दिलचस्पी के बावजूद कांग्रेस ने गठबंधन करने से इनकार कर दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा, "हम देश के बारे में बहुत चिंतित हैं, इसलिए गठबंधन के लिए भी इच्छुक हैं। लेकिन कांग्रेस ने लगभग ना कर दिया है।"

राहुल गांधी

राहुल गांधी और ममता बनर्जी के साथ हुई थी बैठक

इससे पहले बुधवार को राजधानी में हुए AAP की बड़ी रैली में कई बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया था। रैली के बाद केजरीवाल शाम को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार के घर गए। यहां उनके साथ बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी भी शामिल थे। उम्मीद जताई जा रही थी कि बैठक के अंत में तीनों नेता किसी समझौते पर पहुंच सकते हैं। लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

लोकसभा चुनाव

दिल्ली में होगा त्रिकोणीय मुकाबला

बैठक के बाद पहले ममता बनर्जी ने कहा कि दिल्ली और पश्चिम बंगाल में चुनाव पूर्व गठबंधन असमंजस में है। राहुल गांधी ने भी उनके विचारों से सहमति जताते हुए कहा कि हम (विपक्ष) एक-दूसरे से भी प्रतिस्पर्धा करेंगे। अब प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल के बयान ने गठबंधन की सारी अटकलों पर विराम लगा दिया है। इसके साथ ही साफ हो गया है कि इस बार लोकसभा चुनाव में दिल्ली में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा।