LOADING...
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ FIR दर्ज, जानिए क्या है मामला
दिल्ली में आतिशी के खिलाफ मामला दर्ज

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ FIR दर्ज, जानिए क्या है मामला

लेखन गजेंद्र
Jan 14, 2025
11:30 am

क्या है खबर?

दिल्ली के विधानसभा चुनाव में कालकाजी सीट से उतरीं मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) की उम्मीदवार आतिशी के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। नामांकन से पहले आतिशी के खिलाफ यह शिकायत चुनाव आयोग के अधिकारी ने आचार संहिता के उल्लंघन और सरकारी वाहन के दुरुपयोग पर दर्ज कराया है। आतिशी सोमवार को नामांकन दर्ज कराने पहुंची थीं, लेकिन देरी होने के कारण लौट आईं। अब वह मंगलवार को अपना पर्चा दाखिल करेंगी।

मामला

क्यों दर्ज किया गया मामला?

चुनाव आयोग को शिकायत मिली थी कि दिल्ली में चुनाव का ऐलान होने के बाद भी आतिशी चुनाव और पार्टी से जुड़े कार्यों के लिए सरकारी वाहन का इस्तेमाल कर रही थीं। यह शिकायत कालकाजी क्षेत्र में रहने वाले केएस दुग्गल ने दर्ज कराई थी, जिसके बाद चुनाव आयोग ने कार्रवाई की है। मामले में गोविंदनगर थाने की पुलिस जांच कर रही है। बता दें कि कालकाजी से भाजपा ने रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस ने अलका लांबा को उतारा है।

निशाना

केजरीवाल ने FIR पर नाराजगी जाहिर की

AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आतिशी के खिलाफ कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'इनके नेता खुलेआम पैसा बांटते हैं, साड़ी, कंबल, सोने की चैन आदि बांटते हैं, फर्ज़ी वोट बनवाते हैं, फिर भी एक FIR तक दर्ज नहीं होती। लेकिन मुख्यमंत्री आतिशी जी के ख़िलाफ़ तुरंत FIR हो जाती है। आम आदमी पार्टी पूरे सिस्टम के ख़िलाफ़ लड़ रही है। इस सड़े गले सिस्टम को जनता के साथ मिलकर बदलना है, मिलकर साफ़ करना है।'

ट्विटर पोस्ट

केजरीवाल का ट्वीट

जानकारी

5 फरवरी को होंगे चुनाव

दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को मतगणना की जाएगी। इस बार दिल्ली में 1.55 करोड़ मतदाता वोट देंगे। पिछले 2 चुनावों में यहां AAP जीत रही है।