LOADING...
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के लिए हरियाणा के 5 विधायकों को किया निलंबित
कांग्रेस ने हरियाणा के 5 विधायकों को निलंबित किया

कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के लिए हरियाणा के 5 विधायकों को किया निलंबित

लेखन गजेंद्र
Apr 16, 2026
03:40 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा में अपने 5 विधायकों को पार्टी से निलंबित कर दिया है। विधायकों ने 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी। निलंबित किए गए विधायकों में नारायणगढ़ विधानसभा सीट से विधायक शैली चौधरी, साढौरा से रेणु बाला, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इजराइल और रतिया से सरदार जरनैल सिंह शामिल हैं। पार्टी का यह कदम अनुशासन पर उसके सख्त रुख का संकेत है।

निलंबन

हरियाणा में कांग्रेस विधायकों ने कैसे बिगाड़ा था खेल?

हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास 48, कांग्रेस के 37, इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के 2 और 3 निर्दलीय विधायक हैं। यहां 2 सीटों पर राज्यसभा चुनाव हुआ, जिसमें एक पर भाजपा के संजय भाटिया और दूसरी पर कांग्रेस के करमवीर बोध उम्मीदवार थे। सतीश नांदल निर्दलीय उतरे थे। चुनाव जीतने के लिए एक उम्मीदवार को 31 वोट चाहिए थे। ऐसे में कांग्रेस ने आसानी से एक सीट जीत ली, लेकिन 5 विधायकों ने धोखा भी दिया।

बयान

कांग्रेस ने क्या कहा?

हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंदर सिंह ने पत्र जारी कर कहा कि विधायकों का निलंबन प्रदेश अनुशासन समिति की सिफारिश और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की स्वीकृति पर हुई है। सिंह ने बताया कि विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध मतदान कर गंभीर अनुशासनहीनता का परिचय दिया। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी सामूहिक निर्णय का पालन करें।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

हरियाणा कांग्रेस का पत्र

Advertisement