Page Loader
कांग्रेस ने महाराष्ट्र के नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव के लिए रवींद्र वसंतराव चव्हाण को उम्मीदवार बनाया
कांग्रेस ने महाराष्ट्र और मेघालय उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए

कांग्रेस ने महाराष्ट्र के नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव के लिए रवींद्र वसंतराव चव्हाण को उम्मीदवार बनाया

लेखन गजेंद्र
Oct 17, 2024
04:27 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस ने महाराष्ट्र के नांदेड़ लोकसभा और मेघालय के गामब्रेगे विधानसभा सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। नांदेड़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने रवींद्र वसंतराव चव्हाण को टिकट दिया है, जबकि गाम्बेग्रे (अनुसूचित जाति) विधानसभा सीट से जिंगजांग एम मारक को मैदान में उतारा गया है। बता दें, देश के अलग-अलग राज्यों की कुल 48 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है, इसमें 2 लोकसभा सीट शामिल है। केरल की वायनाड लोकसभा सीट से प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी।

चुनाव

वसंतराव के निधन के बाद खाली हुई थी सीट

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रतापराव गोविंदराव चिखलीकर ने जीत हासिल की थी। इसके बाद भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में फिर चिखलीकर को उम्मीदवार बनाया। चिखलीकर के सामने कांग्रेस ने वसंतराव चव्हाण को उतारा था। उन्होंने चिखलीकर को 5,000 से अधिक वोट से हराया। वह पहली बार लोकसभा चुनाव जीते थे। अगस्त महीने में चव्हाण का निधन होने के बाद सीट खाली हुई थी। अब कांग्रेस ने उनके बेटे रविंद्र वसंतराव चव्हाण को टिकट दिया है।

चुनाव

कब होंगे विधानसभा सीटों पर उपचुनाव

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के साथ 12 राज्यों की 47 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का भी ऐलान किया था। केरल की वायनाड और मेघालय की गामब्रेगे विधानसभा सीट समेत 47 सीटों पर उपचुनाव 13 नवंबर को होगा। नांदेड़ लोकसभा सीट और केदारनाथ विधानसभा सीट पर उपचुनाव 20 नवंबर को होगा। सभी सीटों के चुनाव परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।