कांग्रेस की केंद्र से मांग- जरूरतमंदों की मदद के लिए अपना खजाना खोले सरकार
क्या है खबर?
कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को लॉकडाउन के कारण प्रभावित हुए लोगों के प्रति जनसमर्थन जुटाने के लिए 'स्पीक अप इंडिया' अभियान चलाया।
पार्टी ने मोदी सरकार से लोगों की मदद के लिए अपनी तिजोरी खोलने की मांग की है। पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी ने मांग की कि केंद्र सरकार अपना खजाना खोले ताकि कोरोना वायरस के कारण हुए लॉकडाउन से प्रभावित हुए लोगों को मदद मिल सके।
आइये, यह पूरी खबर जानते हैं।
स्पीक अप इंडिया
सोनिया ने दिया खातों में पैसे ट्रांसफर करने का सुझाव
पार्टी की तरफ से सोशल मीडिया पर जारी किए गए वीडियो संदेश में सोनिया गांधी ने कहा कि लॉकडाउन के कारण बहुत लोगों की नौकरियां गई हैं, काम-धंधे बंद हो गए और किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया।
सोनिया गांधी ने इस संकट से निकलने के लिए सरकार को प्रवासी मजदूरों और गरीब परिवारों के खातों में पैसे ट्रांसफर करने का सुझाव दिया है।
स्पीक अप इंडिया
सोनिया ने सरकार से की ये मांगे
सोनिया ने आगे कहा, "हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि वो अपना खजाना खोले और जरूरतमंद लोगों की मदद करें। अगले छह महीने तक हर परिवार के खाते में 7,500 रुपये नकद और 10,000 रुपये फौरी तौर पर उपलब्ध कराएं। घर लौट रहे मजदूरों की सुरक्षित और मुफ्त यात्रा का इंतजाम करें, उनके लिए रोजगार के अवसर पैदा करें और राशन का इंतजाम करें।"
उन्होंने मनरेगा के तहत काम के दिन भी बढ़ाने की मांग की है।
जानकारी
क्या है स्पीक अप इंडिया कार्यक्रम?
'स्पीक अप इंडिया' अभियान तीन घंटे तक चला था। इसमें पार्टी के अलग-अलग नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये कार्यकर्ताओं से बात की। अभियान में राहुल गांधी ने भी अपनी बात रखी।
स्पीक अप इंडिया
गरीब जनता को कर्ज की नहीं, पैसे की जरूरत- राहुल
राहुल ने ट्विटर पर लिखा, 'यह हर भारतीय के लिए मिलकर साथ खड़े होकर एक आवाज में बोलने का समय है। उनके लिए बोलना होगा जो जिंदा रहने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनके लिए जिनकी आवाज दबा दी गई है और उनके लिए जो निराशा में हैं। हम भारत हैं। मिलकर हम बदलाव ला सकते हैं।'
राहुल ने कहा कि आज देश को पैसे की जरूरत है। गरीब जनता को कर्ज की नहीं, पैसे की जरूरत है।
जानकारी
लॉकडाउन को फेल बता चुके हैं राहुल
कांग्रेस लगातार प्रवासी मजूदरों की समस्या को लेकर मोदी सरकार पर हमलावर रही है। वहीं राहुल गांधी भी लगातार लॉकडाउन पर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने लॉकडाउन को पूरी तरह असफल बताते हुए सरकार से आगे की रणनीति पूछी थी।