-
05 Mar 2019
राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद शीला दीक्षित का बयान, AAP से नहीं करेंगे गठबंधन
-
पुलवामा आतंकी हमले और उसके बाद हुई एयर स्ट्राइक के बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की अटकलें फिर से तेज होने लगी थीं।
अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने ऐलान किया है कि दिल्ली में AAP के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा।
बता दें कि भाजपा विरोधी वोटों का बंटवारा रोकने के लिए AAP कांग्रेस से गठबंधन करना चाहती थी।
-
शीला दीक्षित
शुरु से कांग्रेस-AAP गठबंधन के खिलाफ रही हैं शीला दीक्षित
-
मंगलवार का राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद दिल्ली की 3 बार की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने AAP के साथ गठबंधन की संभावनाओं को खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा, "सर्वसम्मत से यह तय किया गया है कि दिल्ली में कोई गठबंधन नहीं होगा।"
बता दें कि शीला शुरु से ही दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ने की पक्षधर रही हैं। हालांकि, उन्होंने आखिरी फैसले की जिम्मेदारी राहुल गांधी के कंधों पर डाल दी थी।
-
ट्विटर पोस्ट
दिल्ली में कोई गठंबधन नहीं- शीला दीक्षित
-
Delhi Congress Chief Sheila Dikshit: A unanimous decision has been taken that there will be no alliance in Delhi pic.twitter.com/nnmhnthY6g
— ANI (@ANI) March 5, 2019 -
उम्मीदवारी
AAP ने उतारे छह उम्मीदवार
-
बता दें कि कांग्रेस को मनाने की हर कोशिश नाकाम होने के बाद AAP ने हाल ही में दिल्ली की कुल 7 लोकसभा सीटों में से 6 पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए थे।
इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि वह कांग्रेस को गठबंधन के लिए मनाते-मनाते थक गए हैं, लेकिन वह तैयार नहीं है।
दिल्ली के अलावा AAP पंजाब में भी कांग्रेस से गठबंधन करना चाहती थी।
-
जानकारी
कांग्रेस और AAP के गठबंधन के लिए जोर लगा रहे थे ये नेता
-
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता शरद पवार और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, कांग्रेस और AAP को साथ लाने की कोशिश में लगे हुए थे। इन दोनों नेताओं ने कुछ दिन पहले केजरीवाल और राहुल से मुलाकात की थी।
-
सियासी माहौल
एयर स्ट्राइक के बाद बदला सियासी माहौल
-
पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकी हमलों पर भारत द्वारा की गई एयर स्ट्राइक के बाद देश का सियासी माहौल बदल गया है।
कुछ दिन पहले बैकफुट पर दिख रही भाजपा के नेता एयर स्ट्राइक का सियासी फायदा उठाने की कोशिश में लगे हैं।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने भाषण में दावा किया था कि एयर स्ट्राइक में 250 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे।
वहीं येदियुरप्पा ने कहा था कि एयर स्ट्राइक से भाजपा को फायदा मिलेगा।
-
राजनीति
महागठबंधन पर नए सिरे से विचार
-
एयर स्ट्राइक के बाद मजूबत दिख रही भाजपा को रोकने के लिए विपक्षी पार्टियां अपनी रणनीति पर फिर विचार कर रही हैं।
इस बदलते परिदृश्य के कारण दिल्ली में AAP और आप के गठबंधन की संभावनाएं एक बार फिर से जीवित हो गई थीं।
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कांग्रेस से गठबंधन करने की अटकलें भी चल रही हैं।
CPM ने भी कांग्रेस के साथ बंगाल की 6 सीटों पर समझौते की बात कही है।