RSS के गढ़ नागपुर में कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने दूसरी बार MLC चुनाव जीता
क्या है खबर?
महाराष्ट्र में विधानसभा परिषद सदस्य (MLC) के चुनाव में नागपुर डिवीजन स्नातक चुनाव क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार अभिजीत गोविंदराव वंजारी ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस की 4 राज्यों में हुए MLC चुनाव में यह पहली सीट पर जीत है, इसके अलावा अन्य राज्य में कहीं कांग्रेस नहीं जीती। वंजारी ने भाजपा के सुधाकर कोहले को 3,271 वोटों से हराया है। यह जीत प्रमुख मानी जा रही है क्योंकि नागपुर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का गढ़ माना जाता है।
चुनाव
लगातार दूसरी बार बरकरार रखी जीत
वंजारी एक वकील और शिक्षाविद हैं, जो पिछले कई सालों से कांग्रेस के साथ हैं। उन्होंने पिछले 2020 के MLC चुनाव में भी भाजपा को हराया था।
चुनाव नतीजों से पता चलता है कि वह अपनी सीट पर पकड़ बनाए हुए हैं। उनको विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) का भी समर्थन था, जिसमें कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) शामिल हैं।
नतीजे के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारे लगाए, जिससे तनाव की स्थिति बनी।
मायने
फडणवीस और गडकरी की राजनीतिक जमीन
नागपुर के नतीजे बुधवार देर रात लंबे इंतजार के बाद सामने आए हैं। यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने MLC चुनाव में कांग्रेस के एक भी सीट न जीतने पर मजाक बनाया था। हालांकि, अब कांग्रेस ने एक सीट जीत ली है।
नागपुर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गृह नगर और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का लोकसभा क्षेत्र है।
यहां RSS का मुख्यालय भी है, जिससे कांग्रेस की जीत अहम बन गई है।