भिलाई में भाजपा नेताओं के बीच 6,000 रुपये के नाश्ते को लेकर बहस, सामने आई रिकॉर्डिंग
क्या है खबर?
छत्तीसगढ़ की कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक वॉयस रिकॉर्डिंग साझा की है, जिसमें 2 लोग नाश्ते के इंतजाम को लेकर बहस करते सुनाई दे रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि यह आवाजें भिलाई के जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन और जिला भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष खगेस कोसरिया की है। दोनों एक कार्यक्रम में 6,000 रुपये के नाश्ते के इंतजाम को लेकर तू-तू मैं-मैं कर रहे हैं। यह ऑडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है।
बहस
किसलिए हुई बहस?
भिलाई में भाजपा संगठन कार्यक्रम होना है, जिसमें रायपुर से विधायक पुरंदर मिश्रा और साजा से विधायक ईश्वर साहू को आना है, उनके स्वागत-बैठक के लिए व्यवस्था की जिम्मेदारी मोर्चा अध्यक्ष कोसरिया को दी गई है।
कोसरिया ने इस संबंध में सूचना देने के लिए देवांगन को फोन किया, जिन्होंने कहा कि महामंत्री की दुकान जलने और एक अन्य नेता को पैसे की किल्लत के कारण बजट नहीं बन पा रहा है।
इसी को लेकर दोनों के बीच बहस हुई।
बातचीत
मेरी अभी हालत खराब है- कोसरिया
देवांगन ने कोसरिया से कहा कि नाश्ता 6,000 रुपये का आएगा, जो वह वहन कर लें और 1,000 रुपये का फूल-माला किसी और जिम्मे डाल दें।
इस पर कोसरिया बोले कि उनका मोर्चा ऐसा है कि अगर मोर्चे में पैसे की बात की तो लोग दूर होते चले जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस समय उनकी आर्थिक हालत खराब है और पैसे नहीं आ रहे हैं।
इस पर देवांगन बोले कि 1-2 लाख रुपये की बात तो नहीं है।
बहस
मैंने जिला प्रशिक्षण में 15 लाख रुपये फूंका है- देवांगन
देवांगन ने बताया कि वह मोर्चा के कार्यक्रम की भी जिम्मेदारी नहीं ले सकते हैं, क्योंकि वह पहले ही जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम में 15 लाख रुपये और मंडल कार्यक्रम में 10-12 लाख रुपये लगा चुके हैं।
उन्होंने दावा किया कि यह रकम किसी से मांगी नहीं गई है और खुद से लगाई है। इस पर कोसरिया ने कहा कि उनके पास जमीन-जायदाद नहीं है।
देवांगन बोले कि 2-5,000 रुपये के लिए भी ऐसी मनाही सुनकर अजीब लग रहा है।
बहस
खुला हुआ नाश्ता नहीं पैकेट वाला नाश्ता आना चाहिए- देवांगन
देवांगन ने आगे कहा, "कल के लिए पैकेट वाला नाश्ता और पानी आना चाहिए, खुला नाश्ता मैं बर्दाश्त नहीं करूंगा। गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होगा।"
कोसरिया ने कहा कि वह पैकेट वाला इंतजाम नहीं करवा सकते।
इसपर देवांगन भड़क गए और बोले, "मुझे लिखकर दीजिए कि संगठन का कार्यक्रम नहीं करवा सकते। टिकट के लिए 10 लाख रुपये खर्च कर सकते हैं।"
कोसरिया बोले, "मैं सामान्य इंतजाम कर सकता हूं, लेकिन हाई-फाई नहीं। मैं कर्ज लेकर नहीं कर सकता।"
ट्विटर पोस्ट
बातचीत का ऑडियो कांग्रेस ने साझा किया
भाजपा के जिला अध्यक्षों के बीच नाश्ते की व्यवस्था को लेकर वायरल हो रहे ऑडियो ने भाजपा की कार्यशैली और प्राथमिकताओं दोनों की पोल खोल दी है
— INC Chhattisgarh (@INCChhattisgarh) July 31, 2026
सत्ता की मलाई कम पड़ी क्या, जो अब समोसे पर संग्राम सुनना बाकी था। जनता के मुद्दों पर सन्नाटा और नाश्ते पर महाभारत — यही भाजपा की असली सुशासन pic.twitter.com/koH2lwOwtd