LOADING...
जब खुद भगवान हमारी इच्छाओं को पूरा नहीं कर सकते तो सांसद कैसे करेगा- केंद्रीय मंत्री

जब खुद भगवान हमारी इच्छाओं को पूरा नहीं कर सकते तो सांसद कैसे करेगा- केंद्रीय मंत्री

Mar 16, 2019
08:27 pm

क्या है खबर?

चुनावी दौर में नेताओं के विवादित और अजीबोगरीब बयान आम हैं, लेकिन यह बयान उनकी पार्टियों के लिए मुसीबत खड़ी करते हैं। केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने ऐसा ही एक बयान दिया है जो लोकसभा चुनाव से पहले उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के लिए मुसीबत का कारण बन सकता है। शर्मा ने अजीबोगरीब दलील देते हुए कहा है कि जब भगवान सबकी इच्छाओं को पूरा नहीं कर सकते तो एक सांसद कैसे कर सकता है।

अजीबोगरीब दलील

'भगवान ने भेजा तो पालन-पोषण उसी की जिम्मेदारी'

मोदी सरकार में संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री महेश शर्मा ने 14 मार्च को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक सभा के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा, "जब भगवान ने हमें दुनिया में भेजा है तो यह उसकी जिम्मेदारी है कि वह हमारे लिए रोटी, कपड़ा, मकान, रोजगार और बच्चों के लिए शिक्षा का इंतजाम करे। लेकिन आज भी पूर्वी यूपी के बालिया जिले समेत अन्य जिलों में लोगों को भरपूर खाना नहीं मिलता है।"

बयान

'जब भगवान जरूरतें पूरी नहीं कर सकता तो सांसद कैसे करेगा?'

केंद्रीय मंत्री ने अपनी अजीबोगरीब दलील जारी रखते हुए कहा, "जब बच्चे स्कूल जाते हैं तो मिड-डे मील से अपना पेट भरते हैं, जबकि अन्य भूखे रहते हैं। जब जिस भगवान ने हमें बनाया, वह हमारी इच्छाओं को पूरा नहीं कर सकता तो एक सांसद कैसे कर सकता है? भगवान सबसे बड़ा मूर्ख है।" महेश शर्मा दिल्ली से सटे गौतम बुद्ध नगर से सांसद हैं और वह पहले भी ऐसे कई विवादित बयान दे चुके हैं।

Advertisement

एपीजे अब्दुल कलाम

पूर्व राष्ट्रपति कलाम और मुस्लिमों पर भी विवादित बयान दे चुके हैं महेश शर्मा

महेश शर्मा ने 2015 में टीवी चैनल 'इंडिया टीवी' को दिए इंटव्यू में पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम और मुस्लिमों पर आपत्तिजनक बयान दिया था। इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, "कलाम एक महान व्यक्ति थे जो मुस्लिम होने के बावजूद राष्ट्रवादी और मानवतावादी थे।" पूर्व राष्ट्रपति पर ऐसे आपत्तिजनक बयान के लिए शर्मा की खूब आलोचना हुई थी। हालांकि भाजपा और सरकार के शीर्ष नेतृत्व ने पूरे मामले पर चुप्पी साधे रखी और कोई कार्रवाई नहीं की।

Advertisement

अनंत कुमार हेगड़े

अन्य केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी पर दिया था विवादित बयान

बता दें कि एक अन्य केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने भी हाल ही में राहुल गांधी पर बेहद विवादित बयान दिया था। उन्होंने राहुल के हिंदू होने पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा था, "क्या एक मुस्लिम का बेटा यह सबूत दे सकता है कि वह गांधी (ब्राह्मण) कैसे बना? क्या मुस्लिम पिता और ईसाई मां की संतान यह बाहरी व्यक्ति इस बात का सबूत दे सकता है कि वह ब्राह्मण कैसे बना? क्या वह DNA सबूत देगा?

Advertisement