Page Loader
भाजपा ने कैसरगंज में बृजभूषण के बेटे और रायबरेली में दिनेश प्रताप को बनाया उम्मीदवार
भाजपा ने बृजभूषण शरण सिंह के बेटे को कैसरगंज से टिकट मिला

भाजपा ने कैसरगंज में बृजभूषण के बेटे और रायबरेली में दिनेश प्रताप को बनाया उम्मीदवार

लेखन गजेंद्र
May 02, 2024
06:56 pm

क्या है खबर?

भाजपा ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश की 2 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने कैसरगंज से मौजूदा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह को टिकट दिया है। भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के छोटे बेटे करण सिंह उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं और वह पहली बार राजनीति में पर्दापण करेंगे। बता दें कि बृजभूषण सिंह महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे हुए हैं।

टिकट

रायबरेली में दिनेश प्रताप पर फिर दांव

उत्तर प्रदेश की बेहद चर्चित रायबरेली लोकसभा सीट पर भाजपा ने अपना सस्पेंस खत्म कर दिया है। उन्होंने यहां से एक बार फिर दिनेश प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया है। दिनेश ने इससे पहले 2019 का लोकसभा चुनाव भी रायबरेली से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ लड़ा था। दिनेश सोनिया गांधी से 1.60 लाख वोटों से हार गए थे। इससे पहले 2014 में भाजपा ने यहां से अजय अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया था।

चुनाव

कांग्रेस आज कर सकती है नामों को घोषणा

भाजपा उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 75 पर चुनाव लड़ रही है, जबकि 5 सीटों को अपने गठबंधन के सहयोगियों के लिए छोड़ा है। उधर, कांग्रेस ने अभी तक रायबरेली और अमेठी सीट को छोड़कर सभी 17 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस गुरुवार शाम तक उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। अमेठी के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 3 मई है।