तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026: भाजपा ने जारी किया घोषणापत्र, हर महीने 2,000 रुपये देने का वादा
क्या है खबर?
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को घोषणापत्र जारी किया, जिसमें कई कल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक सुधारों का वादा किया गया है। उन्होंने सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) सरकार पर भ्रष्टाचार और परिवारवाद के आरोप भी लगाए। उन्होंने DMK पर भ्रष्टाचार और परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कई नेताओं को घोटालों से जोड़कर "भ्रष्टाचार का संरक्षक" बताया।
वादे
हर साल मिलेंगे 3 मुफ्त LPG सिलेंडर
घोषणापत्र में महिलाओं के मुखिया वाले परिवारों को हर महीने 2,000 रुपये देने का वादा किया गया है। इसके अलावा हर साल 3 मुफ्त LPG सिलेंडर और प्रत्येक परिवार को एकमुश्त 10,000 रुपये देने की बात कही गई है। योग्य महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25,000 रुपये की सब्सिडी और जल्लीकट्टू बैलों की देखभाल करने वालों को 2,000 रुपये मासिक सहायता देने का भी प्रस्ताव किया गया है। बता दें, राज्य में 23 अप्रैल को चुनाव होने हैं।
अन्य वादे
आवास और अन्य योजनाएं
घोषणापत्र में पहली बार घर खरीदने वाली महिलाओं को स्टांप ड्यूटी में 3 प्रतिशत की छूट देने का वादा किया गया है। साथ ही, 10,000 रुपये की एकमुश्त सहायता और घरेलू सामान के लिए 8,000 रुपये के कूपन देने की भी योजना है। प्रमुख मंदिरों में स्थानीय निवासियों के लिए रोजाना दो घंटे का दर्शन स्लॉट और कार्तिगई दीपम परंपरा को जारी रखने का भी प्रस्ताव रखा गया है।
योजना
घोषणापत्र में ये भी शामिल
घोषणापत्र में बसों, स्कूलों और विश्वविद्यालयों में CCTV कैमरे लगाने की योजना भी शामिल है, जिससे सुरक्षा और निगरानी को मजबूत किया जा सके। नड्डा ने कहा कि तमिल नववर्ष के दिन घोषणापत्र जारी करना शुभ है और यह भीमराव अंबेडकर की 150वीं जयंती के साथ भी मेल खाता है। भाजपा ने पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कदमों की घोषणा की, जिसमें जीरो FIR लागू करना और जघन्य अपराधों के लिए फास्ट-ट्रैक अदालतें स्थापित करना शामिल है।