सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की मां बोलीं- ममता की हार का बदला लिया गया
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में चुनाव खत्म होते ही भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात को हत्या के बाद तनाव और बढ़ गया है। रथ की मां ने मीडिया से कहा कि उनके बेटे की हत्या करके भबानीपुर में ममता बनर्जी की हार का बदला लिया गया है। उन्होंने दोषियों के लिए आजीवन कारावास की मांग की है। इस बीच, भाजपा अध्यक्ष समित भट्टाचार्य रथ के परिवार से मिलने पहुंचे हैं।
बयान
मैं किसी के लिए मौत नहीं मांग सकती- रथ की मां
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, रथ की मांग ने मीडिया से कहा, "एक मां होने के नाते, मैं किसी के लिए मौत की कामना नहीं कर सकती। लेकिन मैं दोषियों के लिए आजीवन कारावास की मांग जरूर करूंगी।" सुवेंदु अधिकारी ने मीडिया से कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक से बात की है और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जल्द ही पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार करेगी। घटना के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित की गई है।
हत्या
उत्तर 24 परगना में भाजपा समर्थकों का प्रदर्शन
बुधवार रात को रथ उत्तर 24 परगना स्थित अपने पैतृक घर लौट रहे थे, तभी आधी रात को मध्यग्राम के दोहरिया इलाके में मोटरसाइकिल सवारों ने उनकी कार को रोक लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। इससे पहले रथ की स्कॉर्पियो को सफेद कार ने आगे खड़ी करके रोक दिया था। रथ का चालक अभी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है, जबकि रथ की मौत हो चुकी है। भाजपा समर्थकों ने हत्या के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया है।