दिल्ली चुनाव: 'छोटे-छोटे पाकिस्तान' वाले ट्वीट पर भाजपा उम्मीदवार कपिल मिश्रा को चुनाव आयोग का नोटिस
क्या है खबर?
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर किये गए एक ट्वीट के चलते भाजपा के उम्मीदवार कपिल मिश्रा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
चुनाव आयोग ने दिल्ली के मॉडल टाउन से उम्मीदवार कपिल मिश्रा को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए यह नोटिस भेजा है।
दरअसल, मिश्रा ने एक ट्वीट किया था कि दिल्ली में कई 'मिनी पाकिस्तान' बन गए हैं। इसके बाद उन्होंने ऐसे ही कई और ट्वीट किये थे।
नोटिस
आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मिला नोटिस
चुनाव आयोग के नोटिस में मिश्रा के ट्वीट को शामिल किया गया है और उन्हें समुदायों के बीच नफरत फैलाने वाला बयान देने के लिए यह नोटिस भेजा गया है।
इसमें कहा गया है कि मिश्रा का यह ट्वीट आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। इसलिए क्यों न उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मिश्रा के ट्वीट को लेकर चुनाव आयोग ने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से रिपोर्ट मांगी थी, जिसके बाद यह नोटिस जारी किया गया है।
विवादित ट्वीट
दिल्ली में छोटे पाकिस्तान बनाए जा रहे- मिश्रा
मिश्रा के ट्वीट पर जब एक पत्रकार ने यह कहकर सवाल उठाए कि चुनाव में पाकिस्तान की एंट्री क्यों हो रही है तो उन्होंने एक और ट्वीट किया।
इसमें मिश्रा ने लिखा, 'पाकिस्तान की एंट्री शाहीन बाग में हो चुकी है। दिल्ली में छोटे छोटे पाकिस्तान बनाये जा रहे हैं। शाहीन बाग, चांद बाग, इंद्रलोक में देश का कानून नहीं माना जा रहा। पाकिस्तानी दंगाइयों का दिल्ली की सड़कों पर कब्जा हैं।'
उनका यह ट्वीट नीचे देखा जा सकता है।
ट्विटर पोस्ट
शाहीन बाग में पाकिस्तान की एंट्री- मिश्रा
पाकिस्तान की एंट्री शाहीन बाग में हो चुकी हैं
— Kapil Mishra (@KapilMishra_IND) January 23, 2020
दिल्ली में छोटे छोटे पाकिस्तान बनाये जा रहे हैं
शाहीन बाग, चांद बाग, इंद्रलोक में देश का कानून नहीं माना जा रहा
पाकिस्तानी दंगाइयों का दिल्ली की सड़को पर कब्जा हैं https://t.co/jcq1PgzXb7
जानकारी
शाहीन बाग और इंद्रलोक में चल रहे हैं प्रदर्शन
दरअसल, मिश्रा ने अपने ट्वीट में शाहीन बाग, चांद बाग और इंद्रलोक का जिक्र किया है, उन जगहों पर नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं। यहां पर प्रदर्शनकारी महिलाएं कई दिनों से जमी हुई हैं।
विवादित ट्वीट
AAP और कांग्रेस ने खड़े किये मिनी पाकिस्तान- मिश्रा
गुरुवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री और AAP के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने शाहीन बाग के प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया था।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मिश्रा ने ट्वीट किया, 'AAP और कांग्रेस ने शाहीन बाग जैसे मिनी पाकिस्तान खड़े किए हैं। जवाब में 8 फरवरी को हिंदुस्तान खड़ा होगा। जब-जब देशद्रोही भारत मे पाकिस्तान खड़ा करेंगे। तब-तब देशभक्तों का हिंदुस्तान खड़ा होगा।'
ट्विटर पोस्ट
AAP और कांग्रेस पर आरोप
AAP और कांग्रेस ने शाहीन बाग जैसे मिनी पाकिस्तान खड़े किए हैं
— Kapil Mishra (@KapilMishra_IND) January 23, 2020
जवाब में 8 फरवरी को हिंदुस्तान खड़ा होगा
जब जब देशद्रोही भारत मे पाकिस्तान खड़ा करेंगे
तब तब देशभक्तों का हिंदुस्तान खड़ा होगा https://t.co/SWWQcg91Pp
राजनीतिक करियर
AAP सरकार में मंत्री रह चुके हैं मिश्रा
कपिल मिश्रा ने पिछले साल अगस्त में भाजपा का दामन थामा था। पिछले चुनावों में AAP के टिकट पर चुनाव जीतकर मंत्री बने मिश्रा को 2017 में केजरीवाल ने पद से हटा दिया था।
बाद में दल-बदल कानून के तहत उनसे विधायकी भी छीन ली गई थी। अकसर विवादों में रहने वाले मिश्रा का मुकाबला इन चुनावों में आम आदमी पार्टी के अखिलेशपति त्रिपाठी से होगा।
दिल्ली में 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और 11 फरवरी को नतीजे आएंगे।