भाजपा ने शुरू की उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी, विधायक-सांसदों को दिया यह बड़ा लक्ष्य
क्या है खबर?
भाजपा ने अगले साल फरवरी या मार्च में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी ने मतदाताओं के साथ सीधा संवाद बढ़ाने के लिए पूरे प्रदेश में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाने का फैसला किया है, जिसके तहत सभी सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों (MLC) को 5 दिसंबर तक 'चौपाल' आयोजित करने का लक्ष्य सौंपा गया है। आइए जानते हैं किसे क्या लक्ष्य दिया गया है।
लक्ष्य
विधायकों और सांसदों को मिले अलग-अलग लक्ष्य
इंडिया टीवी के मुताबिक, एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक में भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने जनप्रतिनिधियों के लिए यह लक्ष्य निर्धारित किया।
इस बैठक में उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह समेत कई सांसद और विधायक शामिल हुए।
सभी विधायकों को 5 दिसंबर तक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में 50-50 और सभी लोकसभा सांसदों से अपने संसदीय क्षेत्रों में कम से कम 10-10 चौपाल आयोजित करने को कहा गया है।
जोर
कमजोर सीटों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
जिन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा का विधायक नहीं है या जहां पार्टी की संगठनात्मक स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है, वहां भाजपा के MLC और राज्यसभा सांसदों को चौपाल लगाकर पार्टी की पकड़ मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है।
वर्चुअल बैठक में चुनावी तैयारियों के साथ-साथ मतदाता सूची के चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान की भी समीक्षा की गई।
इसमें मतदाताओं की समस्याओं का समाधान कराने की भी बात कही गई है।
रणनीति
भाजपा ने बनाई 3 सूत्रीय रणनीति
इससे पहले मथुरा में आयोजित पार्टी के 2 दिवसीय चिंतन सत्र में भाजपा ने आगामी चुनावों के लिए अपनी 3 सूत्रीय रणनीति तय की।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने विकास, कानून-व्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान को अपना मुख्य चुनावी मुद्दा बनाया है।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पिछले 10 वर्षों में उनके शासनकाल के दौरान भाजपा द्वारा किए गए विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
मतदाता
युवा मतदाताओं पर जोर और नया नारा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता को समाजवादी पार्टी (SP) के शासनकाल के जंगलराज की याद दिलानी चाहिए, ताकि मतदाता कानून-व्यवस्था और सुशासन के आधार पर दोनों सरकारों के कार्यकाल की तुलना कर सकें।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर युवा मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
अभियान में 'राधे राधे, कमल खिला दे' जैसे नारों का इस्तेमाल करने का भी निर्देश दिया गया है।
जानकारी
कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने की सलाह
चिंतन सत्र में कुछ नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच व्याप्त नाराजगी को लेकर चिंता भी जताई और आगाह किया कि समय रहते कार्यकर्ताओं की शिकायतों का समाधान न होने से चुनावों में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।