Page Loader
बिहार: मुकेश सहनी की VIP विपक्ष के INDIA गठबंधन में शामिल, RJD ने 3 सीटें दीं
बिहार में मुकेश सहनी की VIP महागठबंधन में शामिल (तस्वीर: एक्स/@nitinkyadav01)

बिहार: मुकेश सहनी की VIP विपक्ष के INDIA गठबंधन में शामिल, RJD ने 3 सीटें दीं

लेखन गजेंद्र
Apr 05, 2024
06:11 pm

क्या है खबर?

बिहार में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी शुक्रवार को विपक्षी पार्टियों के INDIA गठबंधन में शामिल हो गए। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने यह ऐलान किया। तेजस्वी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि महागठबंधन के सभी सहयोगियों ने VIP का स्वागत किया। इस मौके पर साहनी ने कहा कि भाजपा ने उनके विधायकों को खरीदने का काम किया था। खबर है कि RJD अपने कोटे से VIP को लोकसभा की 3 सीटें देगी।

गठबंधन

कौन-कौन-सी सीटें देगी RJD?

तेजस्वी ने कहा कि बिहार की 40 लोकसभा सीट में RJD के पास 26 सीटें आई हैं और वह अपने कोटे से 3 सीटें सहनी की VIP पार्टी को देंगे। सहनी की पार्टी के उम्मीदवार गोपालगंज, झंझारपुर और मोतिहारी से चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले भी RJD ने सहनी के सामने विलय का प्रस्ताव रखा था, लेकिन उन्होंने साफतौर पर मना कर दिया था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से दोनों पार्टियों में बातचीत हो रही थी।

चुनाव

गठबंधन से बिहार में कितना मजबूत होगा INDIA?

VIP की स्थापना 2018 में हुई थी। मुकेश सहनी इससे पहले मुंबई में बॉलीवुड सेट डिजाइनर थे। उन्होंने पार्टी बनाने के बाद 2019 में लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन असफल रहे। इसके बाद 2020 में बिहार विधानसभा में उन्होंने 4 विधानसभा सीट जीती थी, लेकिन 2022 में पार्टी के 3 विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे। पार्टी के साथ निषाद, नोनिया, बिंद, बेलदार के अलावा मछुआरों और नाविकों की 20 उपजातियों का समर्थन माना जाता है।

जानकारी

बिहार में INDIA गठबंधन में किसके पास कितनी सीटें?

INDIA गठबंधन में शामिल पार्टियों के बीच बिहार में 40 सीटों का बंटवारा हो चुका है। इसमें RJD के पास 26 सीटें, कांग्रेस के पास 9 सीटें और वामदलों को 5 सीटें दी गई थीं। VIP के आने से RJD के पास 23 सीटें बचेंगी।