LOADING...
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की पहली कार्रवाई, पटना मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को हटाया
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पटना मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को हटाया

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की पहली कार्रवाई, पटना मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को हटाया

लेखन गजेंद्र
Jun 25, 2026
06:55 pm

क्या है खबर?

बिहार के नवनियुक्त स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने गुरुवार को पहली बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने लापरवाही के चलते पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (PMCH) के प्रभारी प्राचार्य डॉ नरेंद्र प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। डॉ नरेंद्र की जगह डॉ गीता सिन्हा को PMCH का नया प्रभारी प्राचार्य बनाया गया है। वह वर्तमान में PMCH के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में प्राध्यापक हैं।

कार्रवाई

निरीक्षण में गायब मिले थे डॉ नरेंद्र, निजी क्लीनिक में थे

निशांत 23 जून को पहली बार PMCH निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। तभी अस्पताल में हड़कंप मच गया और कर्मचारी इधर से उधर भागते दिखे। अस्पताल में डॉ नरेंद्र अनुपस्थित थे। मंत्री ने बैठक के लिए उनको फोन भी किया, लेकिन उन्होंने न तो फोन उठाया और न कोई जवाब दिया। जानकारी लेने पर पता चला कि प्राचार्य बिना छुट्टी लिए ड्यूटी से गायब हैं और अपनी क्लीनिक पर बैठे हैं। क्लीनिक के बाहर उनकी सरकारी गाड़ी भी खड़ी थी।

इस्तीफा

डॉक्टर ने पद से इस्तीफा दिया

निशांत ने यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद की है। उन्होंने डॉ नरेंद्र की अनुपस्थिति के बाद विभाग से जांच करवाई, जिसमें पाया गया कि 23 जून को डॉ नरेंद्र बिना जानकारी के अनुपस्थित थे। उन्होंने न तो छुट्टी ली थी और न किसी को प्रभार सौंपा था। निशांत ने उनको पद से हटाकर बेतिया के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में मनोरोग विभाग का प्रिंसिपल बनाया है। हालांकि, एकतरफा कार्रवाई से नाराज डॉ नरेंद्र ने इस्तीफा दे दिया है।

Advertisement