Page Loader
बिहार में 4 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव, सार्वजनिक अवकाश घोषित
बिहार में 4 सीटों पर उपचुनाव को देखते हुए सार्वजनिक अवकाश की घोषणा (फाइल तस्वीर: एक्स/@CEOBihar)

बिहार में 4 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव, सार्वजनिक अवकाश घोषित

लेखन गजेंद्र
Oct 22, 2024
02:55 pm

क्या है खबर?

बिहार में 13 नवंबर को 4 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने है। इसके मद्देनजर राज्य सरकार ने इन सीटों पर कर्मचारियों के लिए सवैतनिक सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि चारों विधानसभा क्षेत्रों में सभी राज्य सरकार के कार्यालय, उपक्रम संगठन, निगम, बोर्ड, वैधानिक और स्थानीय निकाय और स्कूल-कॉलेज 13 नवंबर को बंद रहेंगे, ताकि लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

उपचुनाव

इन सीटों पर होगा उपचुनाव

13 नवंबर को बिहार के 3 जिलों की 4 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा, जिसमें कैमूर जिले के अंतर्गत रामगढ़, भोजपुर जिले के अंतर्गत तरारी और गया जिले के तहत बेलागंज और इमामगंज सीट शामिल हैं। इन सीटों के उपचुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान इन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायकों के सांसद चुने जाने के बाद ये चारों विधानसभा सीटें खाली हो गई थीं।

चुनाव

कौन-कौन मैदान में?

सभी चार सीटों पर महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) रामगढ़, बेलागंज और इमामगंज सीट पर 3 उम्मीदवार जबकि कम्युनिस्ट पार्टी 1 सीट तरारी पर उम्मीदवार उतारेगी। कांग्रेस कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगी। रामगढ़ से RJD के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे अजित सिंह को टिकट दिया है, जबकि भाजपा ने पूर्व विधायक अशोक सिंह को मैदान में उतारा है। सभी सीटों पर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी उम्मीदवार उतारे हैं, जिससे मुकाबला रोचक है।