LOADING...
बिहार विधानसभा चुनाव: तेजस्वी यादव के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा महागठबंधन, सीट बंटवारे पर बनी सहमति

बिहार विधानसभा चुनाव: तेजस्वी यादव के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा महागठबंधन, सीट बंटवारे पर बनी सहमति

Oct 03, 2020
07:24 pm

क्या है खबर?

बिहार में आगामी 28 अक्टूबर से तीन चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर महागबंधन में पड़ी गांठ को शनिवार को सुलझा दिया गया है। सीट बंटवारे को लेकर महागठबंधन में शामिल सभी पार्टियों के बीच सहमति बन गई है। इसमें सबसे ज्यादा 144 सीट राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के पाले में आई है। इसी तरह सभी दलों ने तेजस्वी यादव को महागठबंधन का नेता चुना है। ऐसे में वह मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।

घोषणा

महगठबंधन ने प्रेस कॉन्फ्रेस कर की तेजस्वी यादव को नेता चुने जाने की घोषणा

सीट बंटवारे पर सहमति के बाद महागठबंधन ने पटना के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेस आयोजित कर एकजुट होकर चुनाव लड़ने की घोषणा की। सबसे पहले हाथरस में गैंगरेप पीड़िता के लिए शोक व्यक्त करने के लिए मौन रखा गया। इसके बाद कांग्रेस की आरे से अविनाश पांडे ने कहा, "कांग्रेस, RJD, माले, CPI, CPM और VIP पार्टी ने एक मजबूत गंठबंधन के लिए एक साथ आने का निर्णय किया है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महगठबंधन चुनाव लड़ेगा।"

सीट

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली 70 सीटें

कॉन्फ्रेस में तेजस्वी यादव ने सीटों की संख्या का ऐलान करते हुए बताया, "मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) 4, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) 6, CPI माले 19 और कांग्रेस 70 सीट और लोकसभा उपचुनाव (वाल्मीकिनगर) में भी चुनाव लड़ेगी। इसी तरह RJD के पाले में 144 सीटें आई है। जिसमें से हम मुकेश साहनी की VIP पार्टी और JMM से भी बात कर रहे हैं। इस पर फैसला दो तीन दिन में कर दिया जाएगा। सभी पार्टी एकजुट हैं।"

Advertisement

ऐलान

युवाओं को देंगे 10 लाख नौकरियां- तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने कहा, "मैं गठबंधन के सभी साथियों का धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मुझे नेतृत्व के लिए चुना। हम ठेठ बिहारी है और हमारा DNA भी शुद्ध है। बिहार की जनता बदलाव चाहती है। बिहारियों ने ठान लिया है कि कुर्सी के प्यार में स्टेबल सरकार को अनस्टेबल करने वालों को सबक सिखाएंगे।" उन्होंने कहा, "बिहार के गौरव और तरक्की के लिए जनता हम लोगों को एक मौका दें। हम युवओं को 10 लाख सरकारी नौकरियां देंगे।"

Advertisement

बयान

ICU में हैं बिहार के डबल इंजन की सरकार- तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने कहा, "मैं वादा करता हूं कि सभी के विश्वास पर खरा उतरूंगा। बिहार के डबल इंजन की सरकार ICU में है। 15 साल में एक कारखाना नहीं लगा, किसानों का शोषण किया। बिहार के किसान और गरीब होते चले गए हैं।"

बगावत

VIP पार्टी प्रमुख मुकेश साहनी ने की बगावत

कॉन्फ्रेंस में सीट की घोषणा नहीं किए जाने से VIP पार्टी के कार्यकर्ता नाराज हो गए और उन्होंने विरोध जताते हुए महागठबंधन के खिलाफ नारे लगाना शुरू कर दिया। इसके बाद पार्टी प्रमुख मुकेश साहनी ने मंच पर जाकर महागठबंधन छोड़ने का ऐलान कर दिया और कहा कि दलित के बेटे के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि वह आगे के कदम के लिए रविवार को घोषणा करेंगे। अब महागठबंधन द्वारा उन्हें मनाने की उम्मीद की जा रही है।

चुनाव

बिहार में चीन चरणों में होंगे विधानसभा चुनाव

गत 25 सितंबर को चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की थी। उसके अनुसार राज्य में 28 अक्टूबर से 7 नवंबर के बीच तीन चऱणों में वोटिंग होगी। पहले चरण में 28 अक्टूबर को 16 जिलों की 71 सीटों पर, दूसरे चरण में 3 नवंबर को 17 जिलों की 94 सीटों पर और तीसरे चरण में 7 नवंबर को 15 जिलों की 78 सीटों पर वोटिंग होगी। नतीजे 10 नवंबर को आएंगे।

Advertisement