LOADING...
नीतीश ने प्रधानमंत्री के विश्वास का दुरुपयोग किया, साथ जाने का सवाल नहीं- बिहार भाजपा प्रमुख
बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री के भरोसे का दुरुपयोग किया (तस्वीर: ट्विटर/@NitishKumar)

नीतीश ने प्रधानमंत्री के विश्वास का दुरुपयोग किया, साथ जाने का सवाल नहीं- बिहार भाजपा प्रमुख

लेखन गजेंद्र
Jan 30, 2023
11:16 am

क्या है खबर?

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अलोकप्रिय नेता बताते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि कुमार ने प्रधानमंत्री के विश्वास का दुरुपयोग किया है। जायसवाल ने दरभंगा में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में कहा कि पूरे राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं को बता दिया गया है कि नीतीश कुमार के साथ जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता है। उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइटेड (JDU) के साथ हाथ मिलाना महज अफवाह है।

बयान

 नीतीश कुमार आदतन विश्वासघाती- भाजपा अध्यक्ष

संजय जायसवाल ने कहा, "मुख्यमंत्री पेंडुलम की तरह दोलन करते हैं। वे अलोकप्रिय हैं। इस वजह से उनकी पार्टी ने 2020 विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन किया, जबकि हम बेहतर थे। प्रधानमंत्री ने वादे को पूरा करने के लिए उदार फैसला किया और नीतीश को एक और कार्यकाल मिला। वह आदतन विश्वासघाती हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के भरोसे का दुरुपयोग किया।" बता दें, कुछ समय पहले JDU ने भाजपा से गठबंधन तोड़ कांग्रेस और RJD के साथ मिलकर सरकार बनाई थी।