Page Loader
पंजाब में AAP सरकार का बड़ा फैसला, 424 VIP लोगों की सुरक्षा हटाई
पंजाब में AAP सरकार का बड़ा फैसला, 424 VIP लोगों की सुरक्षा हटाई।

पंजाब में AAP सरकार का बड़ा फैसला, 424 VIP लोगों की सुरक्षा हटाई

May 28, 2022
02:05 pm

क्या है खबर?

पंजाब में भारी बहुमत से सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) लगातार बड़े-बड़े फैसले लेकर सबको चौंका रही है। हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भ्रष्टाचार के मामले में डॉ विजय सिंगला को स्वास्थ्य मंत्री के पद से बर्खास्त कर दिया था और अब राज्य के 424 VIP लोगों की सुरक्षा हटा ली है। जिन VIP लोगों की सुरक्षा वापस ली गई उनमेंं कई सेवानिवृत अधिकारी, पूर्व विधायक और धार्मिक नेता भी शामिल हैं।

बैठक

समीक्षा बैठक में लिया सुरक्षा हटाने का निर्णय

NDTV के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गत दिनों एक समीक्षा बैठक कर VIP को मिलने वाली सुरक्षा पर चर्चा की थी। इसमें 424 VIP लोगों की सुरक्षा वापस लेने का फैसला किया था। ऐसे में अब इन VIP की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को वापस बुला लिया गया है। सुरक्षा वापस लिए जाने वालों में अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह, शिरोमणि अकाली दल (SAD) के चरण जीत सिंह ढिल्लों और गायक सिद्धू मूसेवाला भी शामिल है।

कारण

सुरक्षा हटाने के पीछे यह बताया गया है अहम कारण

VIP लोगों की सुरक्षा को वापस लिए जाने का एक कारण यह भी बताया जा रहा है कि पंजाब पुलिस में पहले से ही कर्मचारियों की भारी कमी है। ऐसे में पुलिसकर्मियों के VIP की सुरक्षा में लगे होने से कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवानों की कमी आ रही है। अब VIP सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को जालंधर कैंट में विशेष पुलिस महानिदेशक कार्यालय में रिपोर्ट करनी होगी और फिर उन्हें आवश्यकता के अनुसार थाने आवंटित किए जाएंगे।

संदेश

मुख्यमंत्री मान ने VIP संस्कृति खत्म करने का दिया था संदेश

बता दें कि मुख्यमंत्री मान ने VIP संस्कृति खत्म करने का संदेश देते हुए अपने शपथ ग्रहण से पहले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी सहित 122 पूर्व विधायकों, मंत्री और VIP की सुरक्षा वापस ले ली थी। पूर्व मंत्रियों में कांग्रेस के मनप्रीत सिंह बादल और परगट सिंह भी शामिल थे। इसके बाद गत 23 अप्रैल को 184 VIP की सुरक्षा वापस ले ली थी। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उनके परिवार भी शामिल था।

अन्य

इनकी भी हटाई जा चुकी है सुरक्षा

AAP सरकार की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, गुरदर्शन बराड़, IPS गुरदर्शन सिंह, उदयबीर सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्रियों सुरजीत सिंह रखड़ा, बीबी जागीर कौर, SAD के तोता सिंह, कांग्रेस के पूर्व सांसद वरिंदर सिंह बाजवा, भारत भूषण आशु, संतोष चौधरी और कांग्रेस के पूर्व विधायक दीप मल्होत्रा की सुरक्षा भी वापस ली जा चुकी है। इसके कारण अब तक 400 से अधिक पुलिसकर्मी फिर थानों में लौट आए हैं और पुलिस मजबूत हुई है।

अन्य

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

मुख्यमंत्री मान ने 25 मार्च को राज्य के सभी विधायकों को केवल एक ही कार्यकाल की पेंशन देने और पूर्व विधायकों के परिवार को मिलने वाले भत्तों में कटौती करने का भी ऐलान किया था। हालांकि, राज्यपाल ने सरकार से बजट सत्र के दौरान इस संबंध में विधेयक लाने को कहा है। मुख्यमंत्री का कहना था कि किसी को साढ़े तीन लाख तो किसी को सवा पांच लाख रुपये पेंशन मिलती है। इससे सरकारी खजाने पर बोझ पड़ता है।