TMC घोषणापत्र में 10 प्रतिज्ञा: किसानों के लिए अलग बजट, घर-घर इलाज और भत्ते का वादा
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को विधानसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) का घोषणा पत्र जारी कर दिया है, जिसमें उन्होंने 10 प्रमुख वादे किए हैं। मुख्यमंत्री बनर्जी ने घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि वह बंगाल के लिए अपनी 10 प्रतिज्ञाएं पेश कर रही हैं ताकि उनकी सरकार के चौथे कार्यकाल में विकास का पहिया निरंतर बढ़ता रहे। उन्होंने किसानों के लिए अलग बजट और आम लोगों के लिए आर्थिक मदद का वादा किया है।
घोषणापत्र
महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को मिलेगा भत्ता
मुख्यमंत्री बनर्जी ने लक्ष्मी भंडार योजना के तहत महिलाओं को मिल रही मासिक वित्तीय सहायता में 500 रुपये बढ़ाने का वादा किया है। इसके तहत सामान्य श्रेणी के लाभार्थियों को 1,500 रुपये (सालाना 18,000) और अनूसूचित जाति-जनजाति लाभार्थियों के लिए 1,700 रुपये (सालाना 20,400) की मदद की जाएगी। उन्होंने बेरोजगार युवक-युवतियों को बांग्लार युवा-साथी योजना के तहत प्रति माह 1,500 रुपये (सालाना 18,000) की वित्तीय सहायता प्रदान करने का वादा किया है। बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाने का वादा किया है।
वादा
घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा, पक्का घर दिया जाएगा
मुख्यमंत्री बनर्जी ने दावा किया कि उनकी सरकार चौथे कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए 'द्वारे चिकित्सा' योजना शुरू करेगी। इससे प्रत्येक ब्लॉक और शहर में वार्षिक चिकित्सा शिविरों का आयोजन होगा। बांग्लार शिक्षायतन योजना से सरकारी स्कूलों को विकसित किया जाएगा। बंगाल में सभी को पक्का घर और हर घर को पाइप से पानी देने का वादा किया गया है।
वादा
7 नए जिले बनेंगे, किसानों के लिए अलग से बजट पेश होगा
मुख्यमंत्री बनर्जी ने किसानों के लिए अलग से 30,000 करोड़ रुपये का 'कृषि बजट' स्थापित करने का वादा किया है, ताकि किसान परिवारों को निरंतर सहायता, भूमिहीन किसानों को मजबूती और कृषि क्षेत्र का विकास हो। उन्होंने बंगाल में 7 नए जिले बनाने और शहरी स्थानीय निकायों की संख्या को बढ़ाने का वादा किया है। साथ ही, विश्व-स्तरीय लॉजिस्टिक्स, बंदरगाह, व्यापारिक ढांचा और एक अत्याधुनिक वैश्विक व्यापार केंद्र से पूर्वी भारत के राज्यों का व्यापार गेटवे बनाने का वादा है।