विधानसभा उपचुनाव 2026: तीन राज्यों की 3 सीटों पर मतगणना जारी, बांकीपुर में त्रिकोणीय मुकाबला
क्या है खबर?
देश के तीन राज्यों की तीन बेहद महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है। इन सीटों में बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के नियमानुसार सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती पूरी की गई है और अब सभी केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) से वोटों की गिनती का दौर चल रहा है।
बिहार
बांकीपुर में प्रशांत किशोर की प्रतिष्ठा और भाजपा का गढ़ दांव पर
बिहार की बांकीपुर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है, जहां भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की रेखा कुमारी गुप्ता और जन सुराज पार्टी (JSP) के संस्थापक प्रशांत किशोर आमने-सामने हैं।
चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर इस चुनाव से अपना पहला चुनावी डेब्यू कर रहे हैं।
यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई थी।
30 जुलाई को हुए उपचुनाव में यहां केवल 34.30 प्रतिशत मतदान हुआ था।
मध्य प्रदेश
दतिया में कांग्रेस और भाजपा में सीधी टक्कर
दतिया सीट पर भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच सीधी टक्कर है।
यह नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के लिए भी पहली बड़ी चुनावी परीक्षा है।
साल 2023 के चुनावों में इस सीट से कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को हराया था।
अप्रैल 2026 में दिल्ली की अदालत द्वारा भारती को एक मामले में 3 साल की सजा सुनाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी।
जानकारी
दतिया सीट पर हुआ था 71.44 प्रतिशत मतदान
भारती की विधानसभा की सदस्यता रद्द होने के कारण 30 जुलाई को हुए उपचुनाव में लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला था। यही कारण था कि यहां रिकॉर्ड 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। ऐसे में यहां परिणाम दिलचस्प होगा।
गुजरात
मांजलपुर में भाजपा किले को बचाने की चुनौती
गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा के सतीश गोविंद भाई पटेल और कांग्रेस के भिखा भाई रबारी के बीच है।
यह उपचुनाव भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के दुखद निधन के कारण कराना पड़ा है।
इस सीट पर 30 जुलाई को हुए मतदान में लोगों ने खास दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। यही कारणा था कि यहां केवल 37.5 प्रतिशत ही मतदान दर्ज किया गया था।
सुरक्षा
मतगणना के लिए किए गए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने के लिए सभी तीनों केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा तैनात किया है।
पटना के एएन कॉलेज में बांकीपुर के लिए कुल 14 टेबलों पर 31 राउंड की मतगणना की जा रही है, वहीं दतिया में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 20 काउंटिंग टेबलों के जरिए गणना जारी है।
ये उपचुनाव आगामी बड़े चुनावों से पहले यह सभी क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दलों के लिए एक बड़ी परीक्षा साबित होने वाले हैं।