असम में भाजपा की मंत्री नंदिता गोरलोसा कांग्रेस में शामिल, टिकट न मिलने से नाराज
क्या है खबर?
असम में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सरकार में मंत्री रहीं नंदिता गोरलोसा रविवार रात को कांग्रेस में शामिल हो गईं। नंदिता भाजपा की ओर से टिकट न मिलने से नाराज थीं। कांग्रेस उनको दीमा हासाओ जिले के हाफलोंग निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव से उम्मीदवार बना सकती है। असम कांग्रेस ने गारलोसा का तस्वीर साझा किया है, जिसमें वह निर्मल लंगथासा और अन्य नेताओं की उपस्थिति में हाफलोंग में पार्टी में शामिल हो रही हैं।
चुनाव
हाफलोंग में उतार चुकी है कांग्रेस उम्मीदवार
कांग्रेस ने नंदिता के शामिल होने से पहले रविवार शाम को अपनी पांचवीं सूची जारी की थी, जिसमें राज्य इकाई के महासचिव निर्मल लंगथासा को उम्मीदवार सीट से उम्मीदवार बनाया गया था। नंदिता ने पिछले चुनाव में इसी हाफलोंग निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। भाजपा ने आगामी चुनावों में इस सीट से नवोदित उम्मीदवार रूपाली लंगथासा को मैदान में उतारा है। गोरलोसा ने 2021 में जीतकर भाजपा कैबिनेट में खान, खनिज और जनजातीय धर्म से संबंधित विभाग संभाला था।
चुनाव
आज नामांकन का अंतिम दिन
समाचार एजेंसी ANI ने कांग्रेस के हवाले से लिखा, "हमें घोषणा करते हुए बहुत खुशी है कि नंदिता गारलोसा कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। पिछले 5 वर्षों से उन्होंने दिमा हसाओ में अपने विश्वासों-सिद्धांतों के लिए आवाज़ उठाई है। भाजपा में उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ी। कांग्रेस कल हाफलोंग के लिए उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित करेगी। लांगथासा ने जनहित में स्वेच्छा से अपनी सीट छोड़ने की पेशकश की है।" बता दें कि सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन है।