Page Loader
लगातार तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने जा रहे अरविंद केजरीवाल, 16 फरवरी को लेंगे शपथ

लगातार तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने जा रहे अरविंद केजरीवाल, 16 फरवरी को लेंगे शपथ

Feb 12, 2020
12:00 pm

क्या है खबर?

दिल्ली विधानसभा चुनावों में प्रचंड जीत हासिल करने वाले अरविंद केजरीवाल 16 फरवरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा, जहां उप राज्यपाल अनिल बैजल उन्हें पद की शपथ दिलाएंगे। अरविंद केजरीवाल लगातार तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। मंगलवार को घोषित हुए चुनाव नतीजों में आम आदमी पार्टी को 70 में से 62 सीटों पर जीत मिली है और बाकी सीटें भाजपा की झोली में गई हैं।

जानकारी

क्या रहे हैं दिल्ली चुनाव के नतीजे?

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 8 फरवरी को वोट डाले गए और 11 फरवरी को नतीजों का ऐलान हुआ। कुल 70 विधानसभा सीटों में से AAP को 62 और भाजपा को आठ सीटें मिली हैं। कांग्रेस इस बार भी अपना खाता नहीं खोल पाई।

मुख्यमंत्री

2013 में पहली बार मुख्यमंत्री बने केजरीवाल

अभी से पहले केजरीवाल लगातार दो बार मुख्यमंत्री बन चुके हैं। पहली बार उनकी पार्टी ने 2013 में चुनाव लड़ा था। 4 दिसंबर, 2013 को हुए चुनावों के नतीजे 8 दिसंबर को आए थे। किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के बाद AAP ने कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाई। तब केजरीवाल ने 28 दिसंबर, 2013 को शपथ ली थी। हालांकि, यह सरकार केवल 49 दिन चल पाई और 14 फरवरी, 2014 को केजरीवाल ने इस्तीफा दे दिया।

मुख्यमंत्री

2015 में ऐतिहासिक जीत के साथ सत्ता में वापस लौटे केजरीवाल

केजरीवाल के इस्तीफा देने के बाद दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लग गया था। 2014 में केंद्र में सरकार बदली और लगभग छह महीनों बाद दिल्ली में फिर चुनाव हुए। 7 फरवरी, 2015 को दिल्ली में मतदान हुआ और 10 फरवरी को नतीजे घोषित किए गए। इन चुनावों में AAP को 67 सीटें मिली थी। नतीजे आने के चार दिन बाद 14 फरवरी, 2015 को केजरीवाल ने दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री

दिल्ली में अब तक रह चुके हैं सात मुख्यमंत्री

आजादी के बाद वर्ष 1952 में दिल्ली को अंतरिम विधानसभा घोषित कर मुख्यमंत्री की नियुक्ति की गई थी, लेकिन चार साल बाद ही दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया था। इसके बाद 1993 में 69वें संविधान संशोधन के जरिए दिल्ली को पूर्ण विधानसभा का दर्जा दे दिया गया। उसके बाद राज्य में पहली बार विधानसभा चुनाव हुए और मुख्यमंत्री चुना गया। तब से लेकर अब तक दिल्ली में सात मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

जानकारी

चौधरी ब्रह्म प्रकाश थे दिल्ली के पहले मुख्यमंत्री

महात्मा गांधी के सत्याग्रह में अहम भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानी चौधरी ब्रह्म प्रकाश 1952 में दिल्ली के पहले मुख्यमंत्री बने थे। उसके बाद से अभी तक के मुख्यमंत्रियों के बारे मेंं आप यहां क्लिक कर जान सकते हैं।