केजरीवाल का जज के खिलाफ नया हलफनामा, कहा- न्यायमूर्ति स्वर्णकांता के बच्चे केंद्र के वकील हैं
क्या है खबर?
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शराब नीति मामले की सुनवाई से न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा को हटाने के लिए बुधवार को एक नया हलफनामा दिया है। अपनी याचिका को मजबूत करने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट में दायर हलफनामे में केजरीवाल ने दावा किया कि न्यायमूर्ति शर्मा के बच्चे केंद्र सरकार के पैनल वकील हैं। केजरीवाल ने कहा कि उनके बच्चों को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता द्वारा मामले सौंपे जाते हैं, जो खुद शराब नीति मामला देख रहे हैं।
हलफनामा
हितों के टकराव का गंभीर आभास- केजरीवाल
केजरीवाल ने हलफनामे में कहा, "मामले में, सॉलिसिटर जनरल CBI की ओर से कोर्ट में उपस्थित हैं, मेरे आवेदन का विरोध और दोषमुक्ति आदेश के विरुद्ध पुनरीक्षण याचिका पर बहस कर रहे हैं। मैं निवेदन करता हूं कि इससे हितों के टकराव का प्रत्यक्ष और गंभीर मामला बनता है। विधि अधिकारी और कानूनी संस्था स्वयं उस संस्थागत तंत्र का हिस्सा हैं जिसके द्वारा केंद्रीय मामलों और सरकारी कार्यों को न्यायाधीश के निकट परिवार के सदस्यों को आवंटित किया जाता है।"
आपत्ति
RTI से मिली जानकारी का हवाला दिया
केजरीवाल ने कोर्ट में सूचना के अधिकार (RTI) के माध्यम से प्राप्त कुछ दस्तावेजों का हवाला दिया है, जिसमें 2023-2025 के दौरान न्यायाधीश शर्मा के बेटे को काफी मात्रा में कानूनी कार्य आवंटित किया गया था। केजरीवाल का कहना है कि इन तथ्यों को सुनवाई की पहली तारीख को सॉलिसिटर जनरल द्वारा बताया जाना चाहिए था, न कि कानूनी पत्रकारों या सोशल मीडिया के लिए खोजबीन करने के लिए छोड़ा जाना चाहिए था।