LOADING...
दुष्यंत ने कल दिया था भाजपा को समर्थन, आज जेल से फरलो पर आएंगे उनके पिता

दुष्यंत ने कल दिया था भाजपा को समर्थन, आज जेल से फरलो पर आएंगे उनके पिता

Oct 26, 2019
03:29 pm

क्या है खबर?

शिक्षक घोटाले में तिहाड़ जेल में सजा काट रहे अजय चौटाला को दो हफ्तों का फरलो दिया गया है। तिहाड़ जेल के महानिदेशक ने कहा कि अजय चौटाला शनिवार शाम या रविवार सुबह तक बाहर आ जाएंगे। बता दें कि अजय चौटाला जननायक जनता पार्टी (JJP) प्रमुख दुष्यंत चौटाला के पिता हैं। दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार रात को ही हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने का ऐलान किया था। उसके कुछ घंटे बाद ही यह खबर आई है।

जानकारी

क्या होता है फरलो

सजायाफ्ता कैदियों का मानसिक संतुलन बनाए रखने और जेल की नीरसता को तोड़ने के लिए फरलो दिया जाता है। एक बार में अधिकतम 14 दिनों तक फरलो दिया जा सकता है। यह मुजरिम का अधिकार होता है।

समर्थन

JJP के समर्थन से सरकार बना रही भाजपा

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी दूसरी बार अपनी सरकार बनाने जा रही है। बहुमत से दूर रहने के बाद जननायक जनता पार्टी से समर्थन लेकर भाजपा सरकार गठन करेगी। समर्थन के बदले भाजपा ने दुष्यंत चौटाला को उप मुख्यमंत्री समेत तीन मंत्री पद दिए हैं। फिलहाल दुष्यंत चौटाला भाजपा विधायक दल के नेता मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के साथ मिलकर राज्यपाल से मिलने गए हैं। ये नेता हरियाणा में सरकार गठन का दावा करेंगे।

Advertisement

सजा

10 साल की सजा काट रहे हैं अजय चौटाला

अजय चौटाला हरियाणा में जूनियर बेसिक ट्रेंड (JBT) शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में अपनी सजा काट रहे हैं। साल 2013 में अजय चौटाला को उनके पिता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को CBI ने 10-10 साल की सजा सुनाई थी। इस घोटाले में कुल 55 लोगों को कोर्ट ने दोषी करार दिया था। इस मामले को उजागर करने वाले अधिकारी को CBI ने घोटाला में बराबर का भागीदार मानते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था।

Advertisement

शपथ

रविवार को शपथ लेंगे खट्टर

मनोहर लाल खट्टर लगातार दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बनेंगे। रोहतक जिले के रहने वाले मनोहर लाल खट्टर ने पहली बार 2014 के विधानसभा चुनाव में करनाल से चुनाव लड़ा था। यह चुनाव जीतकर वो पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। शनिवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया है। वह रविवार को दो बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

Advertisement