
पंजाब में AAP विधायक अनमोल गगन मान ने दिया इस्तीफा, कहा- छोड़ रही हूं सियासत
क्या है खबर?
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। पहले मंत्री पद से हटाई गई खरड़ विधानसभा सीट से विधायक अनमोल गगन मान ने शनिवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां से अपना इस्तीफा जल्द स्वीकार करने की भी अपील की है। अनमोल ने सोशल मीडिया के जरिए अपने इस फैसले की जानकारी दी है। उन्होंने यह भी कहा है कि वह अब सियासत छोड़ रही है।
घोषणा
अनमोल ने सोशल मीडिया पोस्ट में क्या लिखा?
अनमोल ने एक्स पर अपने इस्तीफे की जानकारी देते हुए लिखा, 'दिल भारी हो रहो है, लेकिन मैंने सियासत को छोड़ने का फैसला लिया है। मेरा विधायक के पद से स्पीकर साहब को दिया गया इस्तीफा जल्द ही स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद करती हूं कि पंजाब सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरे।' उनका यह इस्तीफा AAP के झटका है, क्योंकि अब उसे तरनतारन के साथ खरड़ उपचुनाव में भी उतरना होगा।
पृष्ठभूमि
पंजाब सरकार में पर्यटन मंत्री रह चुकी हैं अनमोल
अनमोल पंजाब सरकार में पर्यटन मंत्री भी रह चुकी हैं। उनका पंजाबी गायिका से मंत्री तक का सफर काफी दिलचस्प है। उन्होंने साल 2020 में AAP की सदस्यता ग्रहण की थीं। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल (SAD) प्रत्यशी रणजीत सिंह गिल को 37,718 वोटों से हराया था। 2022 विधानसभा चुनाव में जीतने वालीं वह सबसे युवा नेताओं में से एक हैं। उन्होंने ही पार्टी का कैंपेन गीत भी तैयार किया था।
मॉडलिंग
माॅडलिंग और गायकी में कमाया था नाम
अनमोल का जन्म 1990 में मानसा में हुआ था। उनकी पढ़ाई-लिखाई चंडीगढ़ से हुई। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग और गायकी में अपना करियर बनाया। पिछले साल जून में एडवोकेट शाहबाज सोही के साथ उनकी शादी हुई थीं। वहीं एक दिन पहले SAD के वरिष्ठ नेता रणजीत सिंह गिल ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। इधर, कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा ने कहा कि अनमोल का राजनीति छोड़ने का फैसला अरविंद केजरीवाल के पूर्ण विश्वासघात को दर्शाता है।