Page Loader
पंजाब: मलेरकोटला में AAP पार्षद की हत्या, हमलावर ने जिम में घुसकर गोली मारी
पंजाब के मलेरकोटला में AAP पार्षद की गोली मारकर हत्या कर दी गई

पंजाब: मलेरकोटला में AAP पार्षद की हत्या, हमलावर ने जिम में घुसकर गोली मारी

Aug 01, 2022
12:43 pm

क्या है खबर?

पंजाब के मलेरकोटला में रविवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के एक पार्षद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मोहम्मद अकबर को जिम के अंदर बेहद करीब से गोली मारी गई। गोली मारने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने निजी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की है।

घटना

जिम करने आए थे अकबर, हमलावर ने अंदर घुसकर गोली मारी

घटना सोमवार रविवार सुबह लगभग 8 बजे हुई। मालेरकोटला के वार्ड नंबर 18 से पार्षद मोहम्मद अकबर रोजाना की तरह जिम में एक्सरसाइज करने आए थे, तभी एक अज्ञात शख्स जिम में आया और उन्हें बेहद करीब से गोली मार दी। गोली लगते ही अकबर गिर पड़े। मालेरकोटला की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अवनीत कौर सिद्धू ने जानकारी दी कि अकबर को एक गोली लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वीडियो

CCTV कैमरे में दिखा कैसे दिया गया वारदात को अंजाम

जिम के CCTV कैमरे में अकबर की हत्या की ये पूरी वारदात कैद हो गई और जांच के दौरान ये फुटेज अहम साबित हो सकती है। CCTV की फुटेज में अकबर को जिम में एक शख्स की तरफ बढ़ते हुए देखा जा सकता है और जैसे ही वह उसके नजदीक पहुंचते हैं, वह उन्हें गोली मार देता है। पुलिस ने दो लोगों के वारदात में शामिल होने की बात कही है और उन्हें ढूढ़ा जा रहा है।

ट्विटर पोस्ट

देखें घटना का CCTV फुटेज

आपसी रंजिश

तीन साल पहले अकबर के बड़े भाई की भी की गई थी हत्या

पंजाब पुलिस ने आपसी रंजिश में अकबर की हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की है, हालांकि पूरी जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे। लगभग तीन साल पहले अकबर के बड़े भाई मोहम्मद अनवर की भी इसी तरह आपसी रंजिश में हत्या की गई थी। उन्हें लुधियाना बाईपास के नजदीक दो हमलावरों ने गोली मारी थी। अनवर कांग्रेस से जुड़े हुए थे और अकबर की तरह ही मलेरकोटला नगर निगम में पार्षद थे।

राजनीतिक सफर

कांग्रेस की टिकट पर पार्षद बने थे अकबर, फिर AAP में शामिल हुए

बता दें कि अकबर ने कांग्रेस की टिकट पर मलेरकोटला नगर निगम के वार्ड नंबर 18 से पार्षद का चुनाव लड़ा था और एक बड़ी जीत हासिल की थी। हालांकि इस साल की शुरूआत में हुए विधानसभा चुनाव में AAP की प्रचंड जीत के बाद उन्होंने पार्टी बदल ली और AAP में शामिल हो गए। विपक्ष के कई नेताओं ने उनकी मौत पर शोक व्यक्त किया है और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के लिए AAP सरकार पर हमला बोला है।