
दिल्ली में AAP के 13 पार्षदों ने दिया इस्तीफा, किया नई पार्टी बनाने ऐलान
क्या है खबर?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। 13 निगम पार्षदों ने शनिवार को पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देकर नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया।
बागी नेताओं में मुकेश गोयल भी हैं, जो दिल्ली नगर निगम (MCD) में AAP के सदन के नेता थे।
पार्षदों ने AAP के शीर्ष नेतृत्व पर निगम को ठीक से न चला पाने और जनता से किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप भी लगाया है।
बयान
पार्षदों ने जारी किया अहम बयान
पार्षदों ने बताया कि वह MCD के 2022 के चुनाव में AAP टिकट पर चुनाव जीतकर आए थे, लेकिन शीर्ष नेतृत्व में न तो MCD का सही तरह संचालन किया और न ही पार्षदों से समन्वय किया। इससे पार्टी विपक्ष में आ गई। जनता से किए वादों को पूरा न कर पाने के कारण वे सभी पार्षद AAP पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वे सभी नई पार्टी बना रहे हैं, जिसका नाम 'इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी' होगा।
नेता
पार्षदों ने गोयल को चुना नई पार्टी का मुखिया
पार्षदों ने बताया कि वे सभी मुकेश गोयल को अपनी नई पार्टी का मुखिया चुन रहे हैं और उनके द्वारा लिए गए सभी फैसलों पर पूर्ण सहमति व्यक्त करते हैं।
उन्होंने बताया कि दोपहर में हेमवंद गोयल की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में मुकेश गोयल को पार्टी का मुखिया चुना गया है।
इधर, गोयल ने कहा कि दिल्ली के हित में पक्ष या विपक्ष द्वारा लिए गए फैसलों में उनकी पार्टी हमेशा साथ रहेगी।