बची रोटी से आप बना सकते हैं बेहद लजीज और कुरकुरे स्प्रिंग रोल, जानें रेसिपी
क्या है खबर?
स्प्रिंग रोल एक स्वादिष्ट और कुरकुरा नाश्ता है, जो इंडो चाइनीज खान-पान में शामिल है। आमतौर पर इसे बनाने के लिए मैदा की शीट्स का उपयोग किया जाता है। हालांकि, अगर आपके पास कुछ बासी रोटियां रखी हैं तो आप उनसे भी स्प्रिंग रोल बना सकते हैं। ये बेहद कुरकुरे और लजीज बनते हैं और बच्चों को खास तौर से बहुत पसंद आते हैं। आइए बची हुई रोटी से स्प्रिंग रोल बनाने की रेसिपी जानते हैं।
सामग्री
स्प्रिंग रोल के लिए जरूरी सामान
स्प्रिंग रोल बनाने के लिए आपको जो भी चीजें चाहिए होंगी, सभी आपकी रसोई में आसानी से मिल जाएंगी। इसके लिए 5-6 बची हुई रोटियां, एक कप उबले हुए आलू, एक कप कटी हुई सब्जियां (गाजर, मटर और शिमला मिर्च आदि), एक बारीक कटा प्याज, एक चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और तेल चाहिए होगा। आप चाहें तो इसमें नूडल्स भी शामिल कर सकते हैं।
स्टेप 1
स्टफिंग के लिए सब्जियों को ऐसे करें फ्राई
सबसे पहले एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें प्याज और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर भूनें। इसके बाद इसमें कटी हुई सब्जियां डालें और उन्हें अच्छी तरह पकाएं, जब तक कि वे नरम न हो जाएं। अब इसमें उबले हुए आलू, नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर डालकर मिलाएं। इस मिश्रण को कुछ मिनट तक पकाने के बाद गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें।
स्टेप 2
रोटी को ऐसे करें रोल
अब हर रोटी को हल्के हाथों से दोबारा लें, ताकि वह पतली और मुलायम हो जाएं। इसके बाद हर रोटी पर थोड़ी-सी स्टफिंग फैलाएं और उसे रोल कर लें। ध्यान रखें कि रोटी चारों ओर से अच्छी तरह से बंद हो जाए, ताकि स्टफिंग बाहर न निकले। आप चाहें तो इन रोल्स को फ्रिज में कुछ देर रख सकते हैं, ताकि वे अच्छे से सेट हो जाएं और तलने पर कुरकुरे बनें।
स्टेप 3
फ्राई करके तैयार करें स्प्रिंग रोल
इसके बाद एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें तैयार स्प्रिंग रोल डालें। इन्हें दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक तलें। तलने के बाद इन्हें किचन पेपर पर निकालें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। आप चाहें तो इन्हें एयर फ्रायर में भी बना सकते हैं, इससे यह और भी सेहतमंद बन जाएंगे। एयर फ्रायर में स्प्रिंग रोल बनाने के लिए पहले इसे 180 डिग्री पर 10 मिनट तक पकाएं और फिर पलटकर 5 मिनट और पकाएं।
परोसना
स्प्रिंग रोल को ऐसे परोसें
आप अपने कुरकुरे स्प्रिंग रोल को हरी चटनी या टमाटर के सॉस के साथ परोस सकते हैं। यह नाश्ता बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगा। इसे आप किसी पार्टी या विशेष अवसर पर भी बना सकते हैं। इस तरह आप आसानी से अपनी बची हुई रोटियों से कुरकुरे स्प्रिंग रोल बना सकते हैं और अपने परिवार को खुश कर सकते हैं। यह नाश्ता न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि सेहत के लिए भी अच्छा है।