Page Loader
स्वादिष्ट आड़ू फल से बनाकर खाएं ये 5 लजीज पकवान, इनकी रेसिपी भी है आसान

स्वादिष्ट आड़ू फल से बनाकर खाएं ये 5 लजीज पकवान, इनकी रेसिपी भी है आसान

लेखन सयाली
Apr 29, 2024
05:30 pm

क्या है खबर?

गर्मी के मौसम में आड़ू खाना हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। यह फल विटामिन, मिनरल, फाइबर और प्रोटीन जैसे कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। आड़ू को डाइट में शामिल करने से आप पेट संबंधी समस्याओं को ठीक कर सकते हैं और अपना वजन संतुलित रख सकते हैं। इस लाभदायक फल की मदद से ये 5 स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर खाएं, जिनकी रेसिपी बेहद आसान है।

#1

आड़ू का केक 

सबसे पहले ओवन को 180 डिग्री पर गरम करें और केक टिन में मक्कन लगाकर अलग रख दें। एक बर्तन में क्रीम और मक्खन को अच्छी तरह से मिलाएं। अब इसमें वेनिला का अर्क, चीनी, मैदा, ग्रीक दही, एक चुटकी नमक और बेकिंग पाउडर मिला दें। इस मिश्रण को ओवन में बेक करके केक बना लें। अब एक अन्य बर्तन में आड़ू काटकर उनमें नींबू का रस और चीनी डालकर पकाएं और केक पर डाल दें।

#2

स्ट्रॉबेरी और आड़ू का रोजे

गर्मी में कुछ ठंडा खाना चाहते हैं तो स्ट्रॉबेरी और आड़ू का रोजे पेय बनाएं। इसे बनाने के लिए आपको चाहिए होंगी 8 जमी हुई स्ट्राबेरी, 8 जमे हुए आड़ू के टुकड़े, रोजे वाइन, नींबू का रस, चीनी और ताजी पुदीने की पत्तियां। ब्लेंडर में इन सभी सामग्रियों को डालकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। अब इसमें बर्फ डालकर दोबारा से पीसें। गिलास में निकालकर पुदीने के पत्ते और आड़ू के टुकड़ों से सजाएं। जानिए आड़ू खाने के स्वास्थ्य लाभ।

#3

ब्लैकबेरी और आड़ू का ग्रिल्ड चीज सैंडविच 

ब्लैकबेरी और आड़ू का ग्रिल्ड चीज सैंडविच बनाने के लिए एक ब्रेड पर मक्खन लगाएं। एक बर्तन को गैस पर चढ़ाकर मक्खन लगी ब्रेड को सेकें और उसके ऊपर क्रीम चीज डाल दें। इसके ऊपर ब्लैकबेरी रखकर उन्हें चम्मच की मदद से हल्का सा फोड़ दें। अब एक अन्य बर्तन में आड़ू के टुकड़ों पर नींबू का रस और चीनी डालकर पकाएं। आड़ू के इस मिश्रण को ब्रेड पर रखकर ऊपर से दूसरी ब्रेड रख दें।

#4

आड़ू का केसाडिया 

इस रेसिपी को बनाने के लिए सबसे पहले सैंडविच ग्रिलर पर तेल लगाकर उसे गरम करें। अब मैदे की रोटी लेकर उसपर मक्खन लगाएं और ऊपर से पालक से बना पेस्तो सॉस फैला दें। इसपर मौजरेला चीज, ओरिगैनो और आड़ू डालकर रोटी को तिकोने अकार में मोड़ दें। इसे गरम किए ग्रिलर पर दोनों तरफ से सेकें और चटनी के साथ खाएं। अगर आपको IPL देखते समय भूख लगे तो ये स्वादिष्ट स्नैक्स बनाकर खाएं।

#5

आड़ू की आइस पॉप 

आड़ू की आइस पॉप बनाने के लिए सबसे पहले ओवन में आड़ू को रखकर बेक कर लें। एक बर्तन में क्रीम, दही, वेनिला का अर्क, बादाम का अर्क और चीनी मिलाएं। अब एक अन्य बर्तन में बेक किए हुए आड़ू को दही के साथ मिलाकर मैशर से पीस लें। आइस क्रीम मोल्ड में पहले आड़ू वाला मिश्रण डालें और ऊपर से क्रीम वाला मिश्रण डाल दें। अब इन आइस पॉप को 3-4 घंटे के लिए फ्रीज कर लें।