गर्मियों के दौरान बनाकर पिएं गुलाब का शरबत, जानिए रेसिपी
क्या है खबर?
गर्मियों में शरीर को तरोताजा और हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। इसके लिए पानी के साथ-साथ ऐसे पेय का सेवन करना फायदेमंद है, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी अच्छा हो। गुलाब का शरबत ऐसा ही एक पेय है। यह न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि इसे बनाने में कुछ ही मिनट लगते हैं। आइए आज हम आपको गुलाब का शरबत बनाने की रेसिपी बताते हैं, जिसे आप आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं।
रेसिपी स्टेप-1
सबसे पहले बनाएं गुलाब का सिरप
गुलाब का शरबत बनाने के लिए सबसे पहले गुलाब का सिरप तैयार करना होता है। इसके लिए एक पैन में पानी और चीनी डालकर उबालें, फिर इसमें ताजे गुलाब के फूलों की पंखुड़ियां डालें। इसे 10-15 मिनट तक पकाएं। जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसे बोतल में भरकर फ्रिज में रख दें। यह सिरप आपके शरबत को खुशबूदार बनाएगा।
रेसिपी स्टेप-2
इस तरह से शरबत को दें अंतिम रूप
अब एक गिलास में बर्फ के टुकड़े डालें, फिर इसमें 2 से 3 चम्मच गुलाब का सिरप डालें। इसके बाद गिलास को ठंडे पानी या सोडा से भरें। आप चाहें तो इसके ऊपर पुदीने की पत्तियां भी डाल सकते हैं। इसके बाद गुलाब का शरबत परोसें। आप चाहें तो इस शरबत को और अधिक स्वादिष्ट बनाने के लिए इसमें थोड़ा नींबू का रस भी मिला सकते हैं। यह शरबत आपके मेहमानों को भी पसंद आएगी।
फायदे
गुलाब का शरबत पीने के फायदे
गुलाब का शरबत पीने से आपको कई स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। यह पेय शरीर को तरोताजा और हाइड्रेट रखने में मदद करता है और गर्मियों की उमस से राहत दिलाता है। इसके अलावा यह पाचन तंत्र को ठंडक पहुंचाता है और त्वचा के लिए भी फायदेमंद होता है। गुलाब का शरबत मानसिक तनाव को कम करने में भी मदद करता है और आपको तरोताजा महसूस कराता है। गर्मियों में इसे पीना आपको ताजगी का एहसास दिलाएगा।