Page Loader
जन्मदिन विशेष: अदिति राव हैदरी हैं एकदम फिट, जानिए उनकी डाइट और वर्कआउट प्लान
अदिति राव की फिटनेस का राज

जन्मदिन विशेष: अदिति राव हैदरी हैं एकदम फिट, जानिए उनकी डाइट और वर्कआउट प्लान

लेखन अंजली
Oct 28, 2023
06:00 am

क्या है खबर?

हिंदी और तमिल फिल्मों की अभिनेत्री अदिति राव हैदरी ने साल 2006 में मलयालम फिल्म 'प्रजापति' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। अदिति अपने वर्कआउट और डाइट रूटीन के प्रति बेहद प्रतिबद्ध हैं और फिट रहने के लिए अनुशासित जीवनशैली का पालन करती हैं। वह अपने मानसिक स्वास्थ्य का भी खूब ख्याल रखती हैं। आइए आज अभिनेत्री के 37वें जन्मदिन (28 अक्टूबर) पर उनकी डाइट और वर्कआउट प्लान के बारे में बताते हैं।

एक्सरसाइज

एक भी दिन एक्सरसाइज करने से नहीं चूकती हैं अदिति

अदिति की दिनचर्या चाहें कितनी भी व्यस्त क्यों न हो, वह एक भी दिन एक्सरसाइज करने से चूकती नही हैं। वह सप्ताह में 3 बार 30 मिनट के लिए सर्किट ट्रेनिंग और बाकी बचे दिनों में योगाभ्यास करती हैं। यहां तक ​​कि जब वह अपनी किसी फिल्म की शूटिंग के लिए कहीं जाती हैं तो उस दिन भी कम से कम 10 मिनट तक वर्कआउट करने की कोशिश करती हैं। वह हमेशा अपने साथ योगा मैट और थेराबैंड रखती हैं।

योग

अदिति को योग सबसे अधिक पसंद

अदिति को योग करना सबसे ज्यादा पसंद है। अदिति ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था, "मैं पूरी तरह से योग की आदी हूं। मुझे सच में लगता है कि यह आपका जीवन बदल देता है।" वह आमतौर पर अपने दिन की शुरुआत सूर्य नमस्कार से करती हैं। इसके अलावा उनके वर्कआउट रूटीन में कलरीपयट्टू जैसे मार्शल आर्ट और विभिन्न नृत्य भी शामिल हैं। वह जॉगिंग और रनिंग भी करती हैं।

खान-पान

कुछ इस तरह का है अदिति का खान-पान

फिल्म 'गर्ल ऑन द ट्रेन' में मुख्य भूमिका निभा चुकीं अदिति सुबह उठकर सबसे पहले चेरी, स्ट्रॉबेरी, आड़ू और एवोकाडो जैसे ताजे फलों का सेवन करती हैं। उनका ब्रेकफास्ट आमतौर पर हल्का होता है और इसमें अंडा, इडली, पोहा या चीला शामिल होते हैं, जबकि लंच में वह दाल, मछली, मटन या चिकन के साथ क्विनोआ या चावल खाना पसंद करती हैं। अदिति के डिनर में आमतौर पर भुना हुआ चिकन और बहुत सब्जियां होती हैं।

डाइट

अदिति हैं देसी घी की शौकीन 

अदिति ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें देसी घी बहुत पसंद है, इसलिए वह जो भी खाती हैं, उसमें देसी घी जरूर मिलाती हैं। हालांकि, वह देसी घी का सेवन कम मात्रा में करती हैं। उनकी डाइट में ताजे फलों का जूस, चिया बीज और सब्जियां भी शामिल हैं। उन्हें भारतीय व्यंजन बहुत पसंद हैं और वह कभी-कभी रोटी के साथ गुड़ भी खाती हैं। इसके अतिरिक्त वह अपने हाइड्रेशन और नींद का भी पूरा ध्यान रखती हैं।