LOADING...
हैदराबाद के इन 5 शाकाहारी व्यंजनों का जरूर लें स्वाद, होते हैं बहुत ही स्वादिष्ट
हैदराबाद के शाकाहारी व्यंजन

हैदराबाद के इन 5 शाकाहारी व्यंजनों का जरूर लें स्वाद, होते हैं बहुत ही स्वादिष्ट

लेखन सयाली
Feb 05, 2026
06:28 pm

क्या है खबर?

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद एक खूबसूरत शहर है, जो अपने ऐतिहासिक स्मारकों के साथ-साथ स्वादिष्ट खान-पान के लिए भी जाना जाता है। यहां मांसाहारी के साथ-साथ कई लजीज शाकाहारी पकवान भी मिलते हैं, जिन्हें खाते ही मुंह में पानी आ जाता है। अगर आप हैदराबाद जा रहे हैं तो यहां के इन 5 शाकाहारी व्यंजनों का स्वाद चखना न भूलें। ये सभी एक से बढ़कर एक हैं और सभी को पसंद आते हैं।

#1

हैदराबादी बिरयानी

हैदराबादी बिरयानी दुनिया भर में मशहूर है। यह बिरयानी अपने खास मसालों और लंबे चावल की वजह से जानी जाती है। इसमें मांस के बजाय सब्जियों और मसालों का मेल शामिल होता है, जिससे इसका स्वाद अनोखा बनता है। इस बिरयानी को बनाने के लिए चावल को आधा पकाकर फिर इसे मसालेदार सब्जियों के साथ पकाया जाता है। यह बिरयानी खाने में बहुत ही लजीज होती है और यह पूरे शहर भर में मिल जाती है।

#2

मिर्ची का सालन

अगर आपको सब्जी रोटी खाने का शौक है तो हैदराबाद का मिर्ची का सालन जरूर चखें। यह हरी मिर्च और मूंगफली से बनने वाली सब्जी है। लोग इसे बिरयानी और रायते के साथ परोसना पसंद करते हैं। इसमें इमली का खट्टा स्वाद भी शामिल होता है, जो इसे और भी खास बना देता है। यह तीखे और खट्टे-मीठे स्वाद का लाजवाब संयोजन होता है, जो किसी भी पकवान का स्वाद बढ़ा सकता है।

Advertisement

#3

टमाटर का कुट

हैदराबाद में टमाटर का कुट भी बहुत प्रसिद्ध है, जो टमाटर से बनने वाली सब्जी है। यह सब्जी भी खट्टी और मसालेदार होती है, जिसे हर कोई पसंद करता है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले टमाटर की गाढ़ी और मसालेदार ग्रेवी तैयार की जाती है। इसमें सफेद तिल, मूंगफली और नारियल भी शामिल होते हैं, जिनकी बदौलत यह व्यंजन और भी लजीज बनता है। इसका लुत्फ नान के साथ लिया जा सकता है।

Advertisement

#4

बघारे बैंगन

बघारे बैंगन हैदराबादी खाने का एक खास पकवान है। इसे छोटे बैंगन के साथ मसालेदार ग्रेवी में पकाया जाता है। इस डिश में तिल, मूंगफली और नारियल का पेस्ट इस्तेमाल होता है, जो इसे एक खास स्वाद देता है। बघारे बैंगन को अक्सर चावल या रोटी के साथ परोसा जाता है। इस व्यंजन का स्वाद बहुत ही अनोखा होता है और यह भारत के किसी और राज्य में नहीं मिलता है।

#5

हैदराबादी खट्टी दाल

दाल तो आपने बहुत खाई होंगी, लेकिन हैदराबाद की दाल का स्वाद ही अलग होता है। यहां पर खट्टी दाल खाई जाती है, जिसे चावल या रोटी के साथ परोसा जाता है। इसमें खट्टा स्वाद जोड़ने के लिए इमली या फिर कच्चे आम का इस्तेमाल किया जाता है। दाल के पक जाने के बाद उसमें करी पत्ता, राई, हींग और लहसुन का तड़का लगाया जाता है। इस दाल को आप आसानी से घर पर भी बना सकते हैं।

Advertisement