LOADING...
यात्रा के दौरान हर पुरुष के पास होने ही चाहिए ग्रूमिंग के ये 5 सामान
पुरुषों के लिए जरूरी ग्रूमिंग उत्पाद

यात्रा के दौरान हर पुरुष के पास होने ही चाहिए ग्रूमिंग के ये 5 सामान

लेखन सयाली
Feb 05, 2026
02:56 pm

क्या है खबर?

यात्रा करना हर किसी को पसंद होता है, लेकिन इस दौरान अपनी देखभाल करना भी जरूरी होता है। खासकर पुरुषों को आकर्षक दिखने के लिए अपने बालों और दाढ़ी आदि को सेट रखना होता है। सही देखभाल के सामान न केवल आपकी त्वचा और बालों को स्वस्थ बनाए रखते हैं, बल्कि आपके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। अगर आप यात्रा करने जा रहे हैं तो अपने साथ ग्रूमिंग की ये चीजें ले जाना बिलकुल न भूलें।

#1

शेविंग किट

यात्रा के दौरान शेविंग किट रखना भूल गए तो पछतावा होगा। इसमें एक अच्छी गुणवत्ता वाला रेजर, शेविंग क्रीम और बाद में लगाने के लिए त्वचा को आराम देने वाला लोशन होना चाहिए। ये उत्पाद न केवल दाढ़ी बनाने के काम आते हैं, बल्कि उसके बाद त्वचा को जलन आदि से बचाने के लिए भी उपयोगी होते हैं। इसमें आपको एक छोटी कैंची, बैंड-ऐड और बिजली से चलने वाला शेविंग उपकरण भी रखना चाहिए।

#2

त्वचा की देखभाल के उत्पाद

यात्रा करते समय त्वचा की देखभाल वाले उत्पाद जरूर साथ लेकर जाएं। इनमें फेस वाश, सनस्क्रीन, मॉइस्चराइजर और लिप बाम शामिल होने चाहिए। फेस वाश चेहरे की गंदगी और पसीने को साफ करता है, जिससे त्वचा तरोताजा रहती है। धूप में घूमते हुए टैनिंग से बचने के लिए सनस्क्रीन उपयोगी रहती है और मॉइस्चराइजर त्वचा को शुष्क नहीं होने देता है। यात्रा के दौरान होंठ फटने लगते हैं, जिससे बचने के लिए लिप बाम काम आता है।

Advertisement

#3

परफ्यूम और डिओडोरेंट

पुरुषों को ज्यादा पसीना आता है, जिस वजह से उन्हें परफ्यूम लेकर जाने ही चाहिए। यात्रा के दौरान पसीना आना आम बात है। ऐसे में एक अच्छा परफ्यूम आपको ताजगी का अहसास दिला सकता है और खुशबु प्रदान कर सकता है। इसे नियमित रूप से दिन में 2 बार लगाना बेहतर रहता है, ताकि सारा दिन बदबू से बचा जा सके। खासकर लंबी यात्रा के दौरान परफ्यूम या डिओडोरेंट बहुत काम आते हैं।

Advertisement

#4

बाल सेट करने वाले उत्पाद

बालों की देखभाल करना जरूरी है, चाहे आप यात्रा कर रहे हों या होटल में हों। एक छोटी-सी किट बना लें, जिसमें आपके शैंपू, कंडीशनर और सीरम रखे हों। इसके अलावा आपको एक कंघा, हेयर ड्रायर और हेयर जेल भी साथ लेकर जाना चाहिए। ये उत्पाद न केवल बालों को सेट करने के काम आएंगे, बल्कि उन्हें स्वस्थ और चमकदार भी बनाए रखेंगे। यात्रा से पहले बाल कटवाना और उन्हें सेट करवाना भी अच्छा रहता है।

#5

रुमाल और तौलिया

यात्रा करते समय पसीना आना लाजमी ही है। खास तौर से पैदल घूमते समय सभी पुरुषों का शरीर पसीने से भीग जाता है। ऐसे में अगर आपके पास रुमाल न हुआ तो आप परेशान हो जाएंगे। अपनी जेब में हमेशा एक साफ रुमाल रखें, जो पसीना और गंदे हाथ पोछने के काम आएगा। इसके अलावा गाड़ी या बैग में एक तौलिया भी जरूर रखें, जिसकी मदद से आप शरीर को साफ कर सकेंगे।

Advertisement