घर पर आसानी से बनाएं पिज्जा पराठा, बन जाएगा आपके बच्चों का पसंदीदा व्यंजन
क्या है खबर?
पिज्जा का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है, लेकिन हर बार बाहर से पिज्जा मंगवाने पर यह जेब पर भारी पड़ सकता है। ऐसे में क्यों न पिज्जा पराठा बनाया जाए, जो स्वाद में कम नहीं और सेहत के लिए भी अच्छा है? इस पराठे को बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है और यह बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पसंद आता है। आइए पिज्जा पराठा की रेसिपी जानते हैं।
सामग्री
पिज्जा पराठा के लिए जरूरी सामान
पिज्जा पराठा बनाने के लिए आपको एक कप गेहूं का आटा, एक चौथाई कप पिज्जा सॉस, एक चौथाई कप बारीक कटा प्याज, एक चौथाई कप बारीक कटी शिमला मिर्च, एक चौथाई कप मकई के दाने, एक चौथाई कप बारीक कटी गाजर, थोड़ी बारीक कटी बेजिल, नमक (स्वादानुसार), एक चुटकी लाल मिर्च पाउडर, एक चुटकी ओरेगानो, एक चुटकी गरम मसाला, तेल (जरूरत के अनुसार) और चीज चाहिए होगा। आप इसमें अपनी पसंद का चीज डाल सकते हैं।
#1
पराठे के लिए आटा गूंथ लें
पिज्जा पराठा बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े कटोरे में गेहूं का आटा, थोड़ा नमक और पानी डालकर एक सख्त आटा गूंथ लें। इसके बाद गूंथे आटे को 15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि यह सेट हो जाए। अगर आप चाहें तो आटे को सेट करने के लिए इसे ठंडा स्थान में भी रख सकते हैं। जब आटा सेट हो जाए तो इसे 10-12 छोटे-छोटे टुकड़ों में बांटकर गोल-गोल लोई बनाएं।
#2
ऐसे बनाएं पराठे की फिलिंग
फिलिंग बनाने के लिए पहले एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करके उसमें प्याज, शिमला मिर्च, गाजर और मकई के दानों को डालकर भूनें। इसके बाद इसमें पिज्जा सॉस और चीज डालकर इसे 1-2 मिनट तक पकाएं। अब इसमें लाल मिर्च और गरम मसाला डालकर इसे अच्छे से मिलाएं। इसके बाद इसमें सूखा ओरेगानो मिलाकर इसे एक मिनट तक पकाएं और गैस बंद कर दें। आप चाहें तो इसमें ब्रोकली जैसी अन्य सब्जियां भी डाल सकते हैं।
#3
पराठे को भरने का तरीका
अब गूंथे आटे की लोई को थोड़ा बेलें, फिर इसमें तैयार की गई फिलिंग भरकर इसे चारों ओर से बंद कर दें। इसके बाद इस पराठे को बेलकर तवे पर डालें और इसे दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक तेल लगाकर सेंके। इसी तरह बाकी पराठों को भी तैयार कर लें, ताकि सभी एक साथ बनकर तैयार हो जाएं। इसके बाद इन सभी पिज्जा पराठों को गर्मा-गर्म परोसें। ध्यान रखें कि पराठों में बहुत ज्यादा फिलिंग न भरें।