घर पर आसानी से बनाए जा सकते हैं नेपाल के मशहूर कोथे मोमो, जानिए रेसिपी
क्या है खबर?
कोथे मोमो एक स्वादिष्ट और खास व्यंजन है, जो उत्तर-पूर्व भारत और नेपाल के खान-पान में बहुत ही लोकप्रिय है। यह स्नैक न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि इसे बनाना भी काफी आसान है। कोथे मोमो नीचे से पैन फ्राइड होते हैं और ऊपर से स्टीम होते हैं। आज हम आपको कोथे मोमो बनाने की आसान रेसिपी बताने वाले हैं, जिससे आप अपने घर पर भी इसका आनंद ले पाएंगे। इसका स्वाद आपको जरूर पसंद आएगा।
सामान
कोथे मोमो के लिए जरूरी सामान
कोथे मोमो बनाने के लिए आपको कुछ मुख्य चीजों की जरूरत होगी, जो आसानी से बाजार या आपकी रसोई में आपको मिल जाएगी। इसके लिए आपको मैदा, पानी, पत्तागोभी, गाजर, शिमला मिर्च, पनीर, सोया सॉस, अदरक-लहसुन का पेस्ट, नमक, घी, तेल, काली मिर्च और सिरका चाहिए होगा। आप अपनी पसंद के अनुसार इनमें और भी सब्जियां मिला सकते हैं। इसके अलावा आप टमाटर और लाल मिर्च से इसकी चटनी भी बना सकते हैं।
#1
आटा गूंथने से करें शुरूआत
कोथे मोमो बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा लें और उसमें थोड़ा नमक मिलाएं। अब इसमें पानी डालते हुए एक नरम आटा गूंथ लें। इस आटे को अच्छी तरह से मसलकर चिकना कर लें, ताकि यह बेलने में आसान हो। गूंथे हुए आटे को 20-30 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि वह थोड़ा सेट हो जाए और बेलने पर टूटे नहीं। इस तरह से आपका बेस तैयार हो जाएगा।
#2
इस तरह बनाएं फिलिंग
अब बारी आती है फिलिंग बनाने की। इसके लिए सबसे पहले पनीर को अपने हाथों की मदद से मीस लें। गाजर, शिमला मिर्च और पत्तागोभी को भी छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें या कद्दूकस कर लें। अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें। इसके बाद इसमें सभी कटी हुई सब्जियां डालकर कुछ मिनट तक भूनें। भूनने के बाद इसमें सोया सॉस, घी, सिरका, काली मिर्च और नमक डालकर मिला लें।
#3
मोमो को भरने का तरीका
मोमो की फिलिंग बनने के बाद उन्हें बेलने और भरने की तैयारी शुरू करें। इसके लिए पहले गूंथे हुए आटे को बेलकर छोटी-छोटी लोइयों में बांट लें। अब हर लोई को बेलकर उसमें तैयार की गई सब्जियों की फिलिंग डालें और उसे अच्छे से बंद कर दें। इसी तरह सभी लोइयों के मोमो बना लें। ध्यान रखें कि मोमो अच्छे से बंद हों, ताकि फिलिंग बाहर न निकले। आप इन्हें किसी भी आकार में बना सकते हैं।
#4
मोमो को पकाने का तरीका
कोथे मोमो को पकाने के लिए सबसे पहले एक पैन को गर्म करें। इस पैन में जरा-सा पानी और तेल डालें और अब तैयार किए गए मोमो को इस पर रखें। पैन को एक ढक्कन की मदद से ढक दें, ताकि स्टीम बाहर न निकले। पैन पर रखे सभी मोमो नीचे के हिस्से से करारे हो जाएंगे और ऊपर से भाप में पके हुए रहेंगे। इनको आप ऐसे ही खा सकते हैं या चटनी के साथ परोस सकते हैं।