गर्मियों के दौरान बुजुर्गों को नहीं खाने चाहिए ये 5 खाद्य पदार्थ, हो सकती है समस्या
क्या है खबर?
गर्मियों में बुजुर्गों को विशेष देखभाल की जरूरत होती है, क्योंकि वे गर्मी से जुड़ी बीमारियों के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं। इस कारण उनकी देखभाल करने वालों को उनके खान-पान पर अतिरिक्त ध्यान देना चाहिए। हालांकि, कई बुजुर्ग गर्मियों के दौरान कुछ ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन कर लेते हैं, जो उनके लिए हानिकारक हो सकते हैं। आइए आज हम आपको 5 ऐसे खाद्य पदार्थों के बारे में बताते हैं, जिनका सेवन बुजुर्गों को नहीं करना चाहिए।
#1
ज्यादा नमक वाले खाद्य पदार्थ
बुजुर्गों के लिए ज्यादा नमक वाले खाद्य पदार्थों से दूरी बनाकर रखना बेहतर है। दरअसल, नमक में मौजूद सोडियम रक्तचाप को बढ़ा सकता है और इससे दिल का दौरा पड़ने का खतरा भी बढ़ सकता है। इसके अतिरिक्त ज्यादा नमक का सेवन करने से गुर्दे पर भी बुरा असर पड़ता है। इसलिए बुजुर्गों को कम नमक वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए और नमक का सेवन सीमित करना चाहिए।
#2
अधिक मसालेदार खाने की चीजें
बुजुर्गों को अधिक मसालेदार खाने की चीजों का सेवन करने से भी बचना चाहिए, क्योंकि इससे पेट में जलन, गैस और कब्ज जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खासतौर से गर्मियों के दौरान अधिक मसालेदार खाने का सेवन करने से पाचन क्रिया पर बुरा असर पड़ता है। इसके कारण उल्टी और दस्त जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसलिए गर्मियों के दौरान अधिक मसालेदार खाने से दूरी बना लें।
#3
तली हुई चीजें
गर्मियों में तली हुई चीजों का सेवन करने से भी बचना चाहिए क्योंकि ये शरीर को गर्मी पहुंचा सकती हैं। यहां तक कि इनका सेवन करने से शरीर में पानी की कमी भी हो सकती है। इसके अतिरिक्त तली हुई चीजों का सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल का स्तर भी बढ़ सकता है, जिसके कारण दिल की बीमारी का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए बुजुर्गों को तली हुई चीजों से दूरी बना लेनी चाहिए।
#4
चाय और कॉफी जैसे पेय
चाय और कॉफी जैसे पेय का अधिक सेवन करने से भी बचना चाहिए क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी का कारण बन सकते हैं। इसके अतिरिक्त इनका सेवन करने से शरीर में इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन भी हो सकता है, जिसके कारण सिरदर्द और चक्कर जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए गर्मियों के दौरान इनका सेवन करने से बचना चाहिए। यह ध्यान रखना जरूरी है कि गर्मियों में शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखना चाहिए।
#5
अधिक मात्रा में दूध
दूध का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन गर्मियों के दौरान इसका अधिक सेवन करने से बचना चाहिए। इसका कारण है कि दूध में मौजूद प्रोटीन अन्य पोषक तत्वों के साथ मिलकर पाचन क्रिया पर दबाव डालता है, जिसके कारण पाचन क्रिया धीमी हो जाती है। इससे कब्ज, अपच, उल्टी और दस्त जैसी कई समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए बुजुर्गों को गर्मियों के दौरान दूध का अधिक सेवन करने से बचना चाहिए।