गर्मियों के दौरान इन 5 आहार संबंधी नियमों का रखें ध्यान, नियंत्रित रहेगा मधुमेह
क्या है खबर?
गर्मी के मौसम में मधुमेह के मरीजों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि इस दौरान शरीर का तापमान और इंसुलिन का स्तर प्रभावित हो सकता है। इससे रक्त में शक्कर का स्तर असंतुलित हो सकता है। इस कारण मधुमेह के मरीजों को गर्मियों में दिनचर्या और खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। आइए आज हम आपको 5 ऐसे आहार संबंधी नियमों के बारे में बताते हैं, जिनका पालन करने से मधुमेह के मरीजों को गर्मियों में कोई समस्या नहीं होगी।
#1
पानी पीने में न करें लापरवाही
गर्मियों के दौरान मधुमेह के मरीजों को खुद को तरोताजा रखना बहुत जरूरी है, क्योंकि इससे शरीर का तापमान संतुलित रहता है और रक्त में शक्कर का स्तर स्थिर रहता है। इसके लिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। अगर आपको पानी पीना अच्छा नहीं लगता है, तो आप नारियल पानी, नींबू पानी या छाछ का सेवन भी कर सकते हैं। इनसे भी शरीर तरोताजा रहेगा।
#2
डाइट में शामिल करें मौसमी फल
मौसमी फल जैसे तरबूज, खरबूज, आम, ककड़ी आदि न सिर्फ स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि शरीर को ठंडक देने समेत तरोताजा रखने में भी मदद कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त इनमें कई पोषक तत्व भी होते हैं, जो मधुमेह के मरीजों के लिए फायदेमंद हैं। उदाहरण के लिए तरबूज में विटामिन-C और विटामिन-A होता है, जबकि खरबूज में ऐसे तत्व होते हैं, जो शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ रक्त में शक्कर के स्तर को संतुलित रखने में सहायक हैं।
#3
अधिक तेल-मसाले वाली चीजों से बनाएं दूरी
मधुमेह के मरीजों को अधिक तेल-मसाले वाली चीजों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए, क्योंकि इनका सेवन करने से पाचन क्रिया प्रभावित होती है, जिसके कारण रक्त में शक्कर का स्तर असंतुलित हो सकता है। इसके अतिरिक्त अधिक मसालेदार चीजें खाने से पेट में जलन और गैस जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। इन समस्याओं से बचने के लिए मधुमेह के मरीजों को घर का बना खाना ही खाना चाहिए और वह भी कम मसाले और कम तेल वाला।
#4
गर्मियों में करें हल्की डाइट का सेवन
गर्मियों के दौरान हल्का खाना चाहिए क्योंकि पाचन क्रिया पर भारी भोजन का असर पड़ सकता है, जिसके कारण रक्त में शक्कर का स्तर असंतुलित हो सकता है। इसके अतिरिक्त भारी भोजन के सेवन से शरीर पर भी तनाव पड़ता है और यह गर्मी पैदा कर सकता है। इससे बचने के लिए मधुमेह के मरीजों को गर्मियों के दौरान खिचड़ी, दलिया, दाल, सब्जी, रोटी और थोड़ा दही जैसी हल्की चीजों का सेवन करना चाहिए।
#5
अधिक मात्रा में कैफीन युक्त चीजों का न करें सेवन
चाय-कॉफी पीना कई लोगों की आदत होती है, लेकिन मधुमेह के मरीजों को गर्मियों के दौरान इन पेय पदार्थों का अधिक सेवन करने से बचना चाहिए। इन पेय पदार्थों में कैफीन होता है, जो शरीर को तरल पदार्थों की कमी का शिकार बना सकता है। इसके अतिरिक्त कैफीन युक्त पेय पदार्थों का अधिक सेवन करने से नींद भी प्रभावित हो सकती है। बेहतर होगा कि आप चाय-कॉफी की बजाय हर्बल चाय या फिर हर्बल काढ़ा पिएं।