माइक्रोवेव में आसानी से बनाई जा सकती है दाल, जानिए तरीका
क्या है खबर?
दाल भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा है और इसे बनाने के लिए आमतौर पर गैस पर पतीला या प्रेशर कुकर का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, अगर आप चाहें तो दाल को माइक्रोवेव में भी बना सकते हैं। इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। आइए आज हम आपको दाल बनाने का आसान तरीका बताते हैं, जिसे आप कुछ ही मिनट में तैयार कर सकते हैं।
सामग्रियां
दाल बनाने के लिए जरूरी चीजें
दाल हर उम्र के लोगों को खूब पसंद आती है। इसे बनाने के लिए आपको एक कप अरहर की दाल, दो कप पानी, आधी चम्मच नमक, एक चौथाई चम्मच हल्दी पाउडर, एक चौथाई चम्मच लाल मिर्च पाउडर और एक चम्मच घी या तेल चाहिए। इसके अलावा थोड़ी हरी मिर्च, अदरक, लहसुन, कटे हुए प्याज, कटे हुए टमाटर, जीरा, हींग और हरा धनिया भी जरूरी सामग्रियों में शामिल हैं।
स्टेप-1
दाल को भिगोएं
अरहर की दाल को माइक्रोवेव में बनाने के लिए सबसे पहले इसे धोकर माइक्रोवेव के बर्तन में डालें, फिर दाल के बराबर पानी भरकर इसे 30 से 45 मिनट के लिए भिगो दें। इसके बाद पानी को निकालकर दाल को फिर से माइक्रोवेव के बर्तन में डालें, फिर दाल के बराबर पानी भरकर इसे नमक, हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर के साथ माइक्रोवेव के बर्तन में डालें।
स्टेप-2
दाल को पकाएं
दाल को माइक्रोवेव के बर्तन में डालने के बाद इसे ढक्कन से ढक दें, लेकिन ध्यान रखें कि ढक्कन पर कोई सील न हो। अगर आपके पास माइक्रोवेव के बर्तन का ढक्कन नहीं है, तो किसी प्लेट से ढक दें। इसके बाद माइक्रोवेव को तेज गर्मी पर सेट करके 15 मिनट तक पकाएं। समय पूरा होने पर माइक्रोवेव को बंद करके दाल को बाहर निकालें और इसे ठंडा होने दें।
स्टेप-3
दाल का तड़का लगाने का तरीका
दाल को तड़का लगाने के लिए सबसे पहले एक छोटे माइक्रोवेव बर्तन में घी या तेल डालकर इसे माइक्रोवेव पर एक मिनट के लिए गर्म करें। अब इस में हींग, जीरा, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक और लहसुन डालकर इसे फिर से एक मिनट के लिए गर्म करें। इसके बाद दाल को एक गहरे बर्तन में डालकर उसमें से तैयार तड़का लगाएं। आखिर में दाल पर बारीक कटा हरा धनिया डालकर इसे परोसें।
तरीका
इस तरह से दाल को करें स्वादिष्ट
अगर आप चाहते हैं कि दाल और भी ज्यादा स्वादिष्ट बनकर तैयार हो तो तड़का लगाते समय इसमें थोड़ा-सा जीरा, राई, हींग, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन डालें। इसके बाद इसमें थोड़ा-सा पानी और नमक मिलाएं। इसके बाद माइक्रोवेव को तेज गर्मी पर सेट करके 15 मिनट के लिए गर्म करें। इस तरह से दाल न केवल स्वादिष्ट बनेगी बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद रहेगी और सबको खूब पसंद आएगी।