नाश्ते के लिए पौष्टिक विकल्प है हाई प्रोटीन स्प्राउट्स चिल्ला, जानिए इसकी रेसिपी
क्या है खबर?
आजकल लोग नाश्ते में पोषक तत्वों से भरपूर व्यंजन शामिल करने पर जोर दे रहे हैं। ऐसे व्यंजन न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं। हाई प्रोटीन स्प्राउट्स चिल्ला भी एक ऐसा ही व्यंजन है, जिसमें आप अपनी पसंद के अनुसार सब्जियां और मसाले मिला सकते हैं। आइए आज हम आपको हाई प्रोटीन स्प्राउट्स चिल्ला की रेसिपी बताते हैं।
सामग्री
हाई प्रोटीन स्प्राउट्स चिल्ला बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
स्प्राउट्स चिल्ला बनाने के लिए एक कप अंकुरित दाल, एक चौथाई कप दही, एक चौथाई छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, एक चौथाई छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर, नमक (स्वादानुसार), एक चौथाई छोटी चम्मच अजवाइन लें। इसके साथ ही आधी छोटी चम्मच जीरा, एक छोटी चम्मच बारीक कटी हरी मिर्च, एक बड़ी चम्मच बारीक कटा प्याज, एक बड़ी चम्मच बारीक कटी शिमला मिर्च, बारीक कटी गाजर, बारीक कटा हरा धनिया, आधी छोटी चम्मच गरम मसाला, एक बड़ा चम्मच तेल लें।
स्टेप-1
स्प्राउट्स को इस तरह से तैयार करें
सबसे पहले मूंग या अन्य किसी दाल को पानी से धोएं, फिर इन्हें 5-6 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद दाल को छानकर सूती कपड़े में बांधें और 8-10 घंटे के लिए छोड़ दें। जब दाल से अंकुरित दाल निकल जाएं तो इन्हें इस्तेमाल करने के लिए तैयार समझें। जब आप स्प्राउट्स तैयार कर लें तो उन्हें एक कटोरे में डालें।
स्टेप-2
चिल्ला मिश्रण तैयार करें
चिल्ला मिश्रण तैयार करने के लिए सबसे पहले अंकुरित दाल को बारीक काटकर मिक्सी में पीस लें। इसके बाद इसमें दही, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक, अजवाइन और जीरा मिलाएं। अब हरी मिर्च, प्याज, शिमला मिर्च, गाजर, हरा धनिया और गरम मसाला डालकर मिश्रण को अच्छे से तैयार करें। सभी मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाए, इसके लिए इसे लगभग 10 मिनट तक ढककर रख दें।
स्टेप-3
हाई प्रोटीन स्प्राउट्स चिल्ला बनाने का तरीका
हाई प्रोटीन स्प्राउट्स चिल्ला बनाने के लिए सबसे पहले एक तवे को गर्म करें, फिर इस पर थोड़ा तेल फैलाएं। इसके बाद तवे पर एक करछी चिल्ला मिश्रण डालें और इसे दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक पकाएं। इसी तरह पूरे मिश्रण से चिल्ले बना लें और जब बन जाए, तो इन्हें गर्मागर्म परोसें। आप चाहें तो इन चिल्लों को हरी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ परोस सकते हैं।
फायदे
सेहत के लिए फायदेमंद है स्प्राउट्स
स्प्राउट्स का सेवन कई पोषक तत्वों की कमी पूरी कर सकता है और यह पाचन को सुधारने, प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने और वजन कम करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा स्प्राउट्स का सेवन दिल को स्वस्थ रखने में भी सहायक होता है। स्प्राउट्स में भरपूर मात्रा में प्रोटीन होती है, जो मांसपेशियों को ताकत देने में मदद कर सकता है। ऐसे में स्प्राउट्स से बनी ये खास व्यंजन जरूर खाएं।