LOADING...
25 मई से 2 जून तक रहेगा नौतपा, बाहर जाएं तो ऐसे करें गर्मी से बचाव
नौतपा में बाहर जाते समय बरतें ये सावधानियां

25 मई से 2 जून तक रहेगा नौतपा, बाहर जाएं तो ऐसे करें गर्मी से बचाव

लेखन सयाली
May 25, 2026
02:58 pm

क्या है खबर?

नौतपा गर्मी के 9 सबसे गर्म दिन होते हैं, जो इस साल 25 मई से शुरू होकर 2 जून तक चलेंगे। नौतपा के दौरान सूरज की तीव्रता बढ़ जाती है, जिस वजह से लू और गर्मी से होने वाली समस्याएं बढ़ जाती हैं। इस दौरान बाहर निकलते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होती है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे सुझाव देते हैं, जिन्हें अपनाकर नौतपा के दौरान बाहर जाते समय भी आप गर्मी से सुरक्षित रह सकते हैं।

#1

कम से कम करें बाहर निकलना

नौतपा के दौरान घर से बाहर निकलना कम से कम करें। अगर आपको किसी कारणवश बाहर निकलना पड़ रहा है तो सुबह 11 बजे से पहले या शाम 4 बजे के बाद ही घर से बाहर निकलें। इसके अलावा अगर आप किसी काम से ज्यादा समय के लिए भी बाहर जा रहे हैं तो अपने साथ पानी की बोतल और कुछ नमकीन चीजें रखें, ताकि आपको शरीर में पानी की कमी और कमजोरी जैसी समस्याओं से न जूझना पड़े।

#2

ढीले-ढाले कपड़े पहनें

नौतपा के दौरान ढीले-ढाले और हल्के रंग के कपड़े पहनें। इससे आपका शरीर हवा के संपर्क में रहेगा और गर्मी का असर कम होगा। इसके लिए सूती या लिनन के कपड़े चुनें, क्योंकि ये सबसे अच्छे होते हैं। इस दौरान आपको गहरे रंग के कपड़े पहनने से भी बचना चाहिए, जो धूप को खींचते हैं। इसके बजाय हल्के रंग वाले कपड़ों के विकल्प चुनें, जो आराम और ठंडक प्रदान करेंगे।

Advertisement

#3

सिर को ढककर रखें

नौतपा के दौरान सिर को ढकना भी जरूरी है, क्योंकि इससे सूरज की सीधी किरणों से बचाव हो सकता है। इसके लिए आप अपने सिर को किसी भी तरह के दुपट्टे या टोपी से ढक सकते हैं। अगर आप अपने सिर को ज्यादा ढककर रखना चाहते हैं तो आप किसी हल्के रंग की चादर से भी अपने सिर को ढक सकते हैं। इसके अलावा एक छाता लेकर बाहर निकलना इस दौरान सबसे सही निर्णय होगा।

Advertisement

#4

धूप से बचाव के लिए क्रीम का करें इस्तेमाल

नौतपा के दौरान सूरज की किरणें बहुत तेज होती हैं, इसलिए बाहर निकलने से पहले अपने चेहरे, हाथों और पैरों पर अच्छी गुणवत्ता वाली धूप से बचाव की क्रीम लगाएं। इससे आपको सूरज की हानिकारक किरणों से बचने में मदद मिलेगी। यह सुनिश्चित करने के लिए कि क्रीम प्रभावी है, इसे अपने चेहरे पर लगाने के 15 मिनट बाद ही घर से बाहर निकलें। इसके अतिरिक्त रोजाना 2-3 बार क्रीम लगाएं।

#5

हाइड्रेटेड रहें

नौतपा के दौरान शरीर में पानी की कमी होना आम है। इससे बचने के लिए खुद को तरोताजा रखना जरूरी है। इसके लिए दिनभर में 8-10 गिलास पानी का सेवन करें। इसके साथ ही नारियल पानी, छाछ, मट्ठा और ताजे फलों का रस पिएं। इससे आपका शरीर ठंडा रहेगा और आप कई बीमारियों से बचे रहेंगे। गर्मियों में पर्याप्त तरल पदार्थों का सेवन आपके स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होगा। बाहर जाते समय पानी की बोतल साथ लेकर ही निकलें।

Advertisement